खंडवा

खंडवा में बिजली कटौती पर टूटा सब्र का बांध, आक्रोशित किसानों ने ग्रिड पहुंचकर बंद करा दी बिजली

-एक घंटे चला प्रदर्शन, सिटी मजिस्ट्रेट, डीएसपी हेडक्वाटर, विविकं एई पहुंचे, दी समझाइश -एक सप्ताह से बिगड़े है हालात, कटौती झेल रहे आज किसान पहुंचेंगे कलेक्ट्रेट
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Khandwa power cuts
खंडवा. आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देते सिटी मजिस्ट्रेट।

जिले के ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती के चलते ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया है। रविवार को छैगांवदेवी ग्रिड पर पहुंचे चार गांवों के किसानों ने पूरे ग्रिड को ही बंद करा दिया। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि जब बिजली दे नहीं सकते तो ग्रिड चालू रखने की जरूरत ही क्या है। यहां पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट, डीएसपी हेडक्वाटर और विविकं एई ने ग्रामीणों को समझाइश दी। रात्रि में बिजली कटौती कम करने के आश्वासन पर ग्रामीण माने।

कई दिनों से हो रहे किसान कटौती से परेशान

छैगांवदेवी ग्रिड से टाकलीमोरी, सुरगांव और छैगांवदेवी व अन्य गांवों को बिजली सप्लाय की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से रोजाना रात में सात से आठ घंटे बिजली कटौती की जा रही है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। दिन में भी लाइट एक फेज पर ही दी जा रही है। रविवार दोपहर को आक्रोशित ग्रामीण ग्रिड पर पहुंचे और सभी दूर की बिजली बंद करा दी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, डीएसपी हेडक्वाटर दुर्गेश, विविकं एई एचटी लाइन महेश सोलंकी, ग्रिड के जेई धीरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे।

watch video

नया ट्रांसफार्मर तक नहीं डाला

यहां आए दीपक तंवर सरपंच प्रतिनिधि टाकली मोरी, रोहित पटेल सुरगांव, भगवान पटेल छैगांवदेवी ने बताया कि सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली देने की बात थी, वह तो मिल नहीं रही, अब घरेलू बिजली में भी कटौती की जा रही है। गर्मी बढ़ रही है, दिनभर खेत में काम करके किसान घर पहुंच रहा है तो बिजली कटौती के कारण आराम भी नहीं कर पा रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। नवरात्र का समय है, ऐसे में विद्युत कंपनी की मेहरबानी से पर्व भी अंधेरे में मनेगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि अधिकारियों से चर्चा कर रात्रि में कटौती कम कराई जाएगी। इस मामले में कुछ लोगों को सोमवार कलेक्ट्रेट भी बुलाया गया है।

अघोषित बिजली कटौती से 50 गांव परेशान

सिंगोट क्षेत्र के करीब 40-50 गांवों में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिंगोट के अध्यक्ष केदार पाटीदार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विद्युत वितरण केंद्र सिंगोट के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि कई दिनों से हो रही बार-बार कटौती के कारण पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था, घरेलू कामकाज और किसानों के कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

कांग्रेस करेगी आंदोलन

पाटीदार ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती से ग्रामीणों में असंतोष है। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्काल समस्या का निराकरण करने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आमजन के साथ उग्र आंदोलन और चक्काजाम करेगी। इस अवसर पर कड़वा पटेल, सेवक पटेल, मोंटी सिंह पंवार, विनायक पटेल, प्रवीण आर्य, आरिफ खान, महेश पटेल, उज्ज्वल सातले सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Updated on:
12 Oct 2026 12:19 pm
Published on:
12 Oct 2026 12:19 pm