खंडवा

भूजल संरक्षण में देशभर में नंबर वन खंडवा, फिर भी एक साल में 3 फीट नीचे चला गया पानी

-बारिश के बाद बढ़ा जरूर, लेकिन पिछले साल से कम रहा भूजल स्तर -भूजल सर्वे की रिपोर्ट जारी, पोस्ट मानसून में करीब 3 मीटर गिरा -पिछले साल मानसून के बाद 3.44 मीटर पर था पानी, अब 4.41 मीटर नीचे
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 11:40 AM IST
Khandwa Groundwater Level
खंडवा. मानसून बाद हर साल कम होता जा रहा भूजल स्तर। एआई

जिले ने दो साल में भूजल संरक्षण के लिए देशभर में अपना स्थान बनाया, लेकिन भूजल सर्वेक्षण की रिपोर्ट कुछ ओर ही कह रही है। पिछले साल मानसून बाद भूजल स्तर से इस साल की तुलना करे तो 0.97 मीटर यानि करीब तीन फीट तक पानी नीचे चला गया है। हालांकि विभाग इसके लिए इस साल कम बारिश होने को मुख्य कारण बता रहा है। हालांकि बारिश से पहले और बारिश के बाद के जल स्तर को देखे तो करीब 3.40 मीटर पानी संरक्षित हुआ है।

भूजल सर्वेक्षण विभाग ने जारी किए आंकड़े

भूजल सर्वेक्षण विभाग द्वारा इस साल बारिश बाद के भूजल स्तर के आंकड़े जारी किए गए है। इस साल बारिश से पहले जिले का भूजल स्तर 7.81 मीटर था, यानि पानी जमीन से 7.81 मीटर नीचे था। बारिश के बाद भूजल का स्तर 4.41 मीटर हो गया है, यानि जमीन में वर्षा जल से पानी का स्तर 3.40 मीटर बढ़ा है। यदि पिछले साल से इसकी तुलना करे तो स्थिति खराब नजर आ रही है। पिछले साल बारिश से पहले भूजल स्तर 7.69 मीटर था, जो कि बारिश के बाद 3.44 मीटर हो गया था, इसका मतलब है कि पिछले साल करीब 4.25 मीटर नीचे तक जमीन में पानी था।

पिछले साल कैच द रैन में मिला था पुरस्कार

वर्ष 2024-25 में जिला प्रशासन ने जल संरक्षण की मुहिम चलाई थी। जिसके चलते करीब 1.05 लाख जल संरचनाएं, जिसमें रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग, कंटूर ट्रेंच, रीचार्ज पिट, शोक पिट, सोख्ता गड्ढे आदि बनाए गए थे। कैच द रेन में जिला पूरे देश में नंबर वन बना था। इसके बाद वर्ष 2025-26 के लिए नगर निगम खंडवा देश में नंबर वन रहा था। जिसमें निगम ने 20490 कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया था। जिसके चलते इस साल जून में नगर निगम को पुरस्कृत भी किया गया था। इसके बाद भी भूजल का कम होना इन भूजल संरचनाओं पर सवाल उठा रहा है।

छह साल के आंकड़ों में उतार चढ़ाव

जिला भूजल सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, पिछले छह वर्षों के पोस्ट मानसून भूजल स्तर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वर्ष 2021 में जिले का औसत भूजल स्तर 3.80 मीटर था। वर्ष 2022 में इसमें सुधार हुआ और यह 2.98 मीटर पर आ गया। इसके बाद वर्ष 2023 में यह 3.53 मीटर, 2024 में 3.51 मीटर और 2025 में 3.44 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि 2026 में यह बढकऱ 4.41 मीटर पहुंच गया। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 के बाद भूजल की उपलब्धता के लिहाज से स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में 0.97 मीटर की गिरावट दर्ज होना जिले में भूजल संरक्षण की स्थिति बता रहा है।

औसत से 6 इंच कम हुई बारिश

पिछले साल जिले में वर्षा औसत से महज दो इंच ही ज्यादा हुई थी। जबकि इस बार वर्षा औसत से 6 इंच कम हुई है। जिले की औसत वर्षा 808 मिमी है, पिछले साल 858 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। जबकि इस साल मानसून सीजन में महज 708 मिमी ही बारिश हुई है। यह भी एक मुख्य कारण है, जिसके कारण भूजल का स्तर बढ़ नहीं पाया।

यह असर पड़ेगा जिले में

पोस्ट मानसून के बाद भूजल स्तर का जमीन के नीचे 3.40 मीटर तक चला जाना आगामी ग्रीष्म काल में बेहद असर डाल सकता है। अभी से कुएं और बोरिंग का पानी जमीन की गहराई में जाने लगा है। मानसून की बारिश से जल स्रोत लबालब होने से किसान गेहूं-चने की फसल बोते है, जबकि इस साल कम बारिश के चलते भूजल स्तर गिरने से गेहूं चने का रकबा भी कम हुआ है। वहीं, जल स्रोतों का स्तर गिरने से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में गरमी के मौसम में पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ सकता है।

कम बारिश से यह स्थिति बनी

इस साल मानसून में बारिश कम होने के कारण भूजल स्तर कम हुआ है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार स्थिति काफी चिंताजनक है। जिले में भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए भूजल संरक्षण की आवश्यकता है।
पंकज चौहान, भूजल विद्, भूजल विभाग खंडवा संभाग

Updated on:
26 Nov 2026, 11:40 AM IST
Published on: