
ओंकारेश्वर. मुख्यमंत्री ने नर्मदा विहार के दौरान चलाई नाव।
नर्मदा परिक्रमावासी दादा गुरु की पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा का मंगलवार को ओंकारेश्वर के गोमुख घाट से विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल हुए और दादा गुरु के साथ मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा परिक्रमा के निर्विघ्न पूर्ण होने की कामना की। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक नए अंदाज में नजर आए। नर्मदा में नौका विहार करने निकले सीएम ने खुद नाव का इंजन संभाला और कुछ देर नाव चलाई।
मुख्यमंत्री सुबह 9.25 बजे कोठी हेलीपैड पहुंचे, जहां से गोमुख घाट पहुंचकर नर्मदा परिक्रमा शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य मिलना सौभाग्य की बात है। संतों के माध्यम से हमें साक्षात ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। दादा गुरु के सानिध्य में मां नर्मदा की पांचवीं परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराएं समाज को जोडऩे और मानव कल्याण का संदेश देती हैं। प्रदेश सरकार आध्यात्मिक परंपराओं और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा का तट एक मठ के समान है। इसकी पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
दादा गुरु ने कहा कि ईश्वरीय भक्ति और साधना व्यक्ति के जीवन और व्यक्तित्व का विकास करती है। मां नर्मदा हमारे लिए केवल नदी नहीं, बल्कि जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार है। नर्मदा तट पर अनेक सभ्यताओं के जन्म के प्रमाण मिलते हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा मूल रूप से साधना है, जिसके केंद्र में लोककल्याण की भावना है। यह यात्रा समाज में सद्भाव और समरसता को मजबूत करती है। दादा गुरु ने परिक्रमा की आध्यात्मिक अनुभूति बताते हुए कहा कि जब पैदल चलते हैं तो साधना बन जाती है और बैठ जाते हैं तो आराधना।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, संभाग आयुक्त भास्कर लाक्षाकार, आईजी अनुराग, डीआईजी सिमाला प्रसाद, कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
-सुबह करीब 9.25 बजे कोठी हेलीपैड से गोमुख घाट पहुंचे मुख्यमंत्री ने दादा गुरु के साथ मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक किया और परिक्रमा के धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
-मुख्यमंत्री गोमुख घाट से पुराने बस स्टैंड तक दादा गुरु और नर्मदा परिक्रमा वासियों के साथ पैदल चले। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
-मुख्यमंत्री ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां नर्मदा में नौका विहार भी किया और कुछ देर स्वयं नाव की पतवार संभाली।
-मुख्यमंत्री ने जोड़ गणपति हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। यहां उन्होंने षड्दर्शन मंडल के अध्यक्ष महंत मंगलदास त्यागी से भेंट की और आश्रम में भोजन भी किया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
25 Nov 2026, 11:56 AM IST
Published on:
25 Nov 2026, 11:56 AM IST
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़




