खंडवा

जन सुनवाई… खंडवा में झूठे सपने दिखाकर बेचे प्लाट, अब कॉलोनाइजर सुविधा देने की बजाय दे रहा धमकी

-खानशाहवली वार्ड के हबीब नगर की महिलाओं ने लगाई गुहार -समिति के भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर पहुंचे ग्रामीण -कलेक्टर ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं, दिए निर्देश
2 min read
Sep 23, 2026
public hearing
खंडवा. जन सुनवाई में शिकायत करने पहुंची हबीब नगर की महिलाएं।

कॉलोनाइजर ने पहले तो झूठ बोलकर प्लाट बेचे, अब कॉलोनी में सुविधाएं नहीं दे रहा है। बिजली, पानी, नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी कॉलोनी में नहीं मिल रही है। जब इसकी शिकायत करने जाओ तो कॉलोनाइजर द्वारा गुंडे बदमाश बुलाकर धमकाया जाता है। यह बात खानशाहवली वार्ड के हबीब नगर से आई महिलाओं ने शिकायत करते हुए अधिकारियों से कही।

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं, और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में छन्नू पिता नंदु मंसुरी निवासी छैगांवमाखन ने बताया कि कृषि भूमि पर भू-स्वामी द्वारा प्लाट काटे गए हैं एवं ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत द्वारा सीसी सडक़ और नाली निर्माण इस भूमि पर किया जा रहा है, जो कि न्याय संगत नहीं है। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को मामले की जांच कर समस्या का निराकरण करने के लिए कहा है।

फर्जी साइन से समिति ने बेच दी खाद

परमु पिता शंकर निवासी ईटवा रैयत ने जिला सहकारी बैंक शाखा बलवाड़ा के कर्मचारियों द्वारा बिना सूचित किया फर्जी साइन कर किसी अन्य व्यक्ति को खाद बेचने की शिकायत की। आवेदक ने जिला सहकारी बैंक के कर्मचारियों द्वारा धोखाधड़ी का आरोप लगाया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जांच करने को कहा।

गांव के बोरिंग पर कब्जे की शिकायत

नाहल्दा पंचायत के ग्राम भंडारिया के ग्राम वासियों ने शिकायत की कि ग्राम पंचायत द्वारा सार्वजनिक उपयोग के लिए शासकीय निधि से एक बोरिंग का खनन कराया है। इस बोरिंग पर ग्राम के ही ओमप्रकाश ताराचंद यादव द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर ग्रामीणों को पानी भरने से रोका जा रहा है। कलेक्टर से ने संबंधित अधिकारी को जांच कर समस्या को हल करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला, अपर कलेक्टर क्षितिज शर्मा, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Updated on:
23 Sept 2026 12:05 pm
Published on:
23 Sept 2026 12:05 pm