2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जनसुनवाई… 16 खोली के दुकानदारों को खंडवा कलेक्टर की दो-टूक, रोड पर नहीं चलेगा ट्रांसपोर्ट

-छह माह पूर्व ही बैठक में दे दी थी जानकारी, अब हटाने की होगी कार्रवाई -दुकानदारों ने कहा -हम दूसरा धंधा कर लेंगे, दुकानों को न तोड़ा जाए, कलेक्टर ने कहा -पहले भी कहा था, तब नहीं मान रहे थे
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Sep 02, 2026

Transport Nagar Khandwa

खंडवा. जनसुनवाई में पहुंचे 16 खोली के दुकानदार।

नगर निगम ने 16 खोली के 27 दुकानदारों को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट किए जाने का नोटिस जारी किया है। नोटिस में यहां ट्रांसपोर्ट, मैकेनिक संबंधित गतिविधियां पाई जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। मंगलवार को 16 खोली के दुकानदार जनसुनवाई में कलेक्टर ऋषव गुप्ता से गुहार लगाने पहुंचे। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि रोड पर ट्रांसपोर्ट संबंधित कार्य नहीं चलेगा, ट्रांसपोर्ट नगर जाना ही होगा।

नोटिस के बाद खुली आंखें

मंगलवार को जनसुनवाई में अकील अशरफ के नेतृत्व में 16 खोली के दुकानदार कलेक्ट्रेट पहुंचे। दुकानदारों का कहना था कि लंबे समय से यहां पर व्यवसाय कर अपना परिवार चला रहे है, अचानक खाली करने का नोटिस दे दिया गया है। इस पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता का कहना था कि 6 माह पहले सभी को बैठक में बता दिया गया था कि यहां अब ट्रांसपोर्ट संबंधित कार्य नहीं होगा। सभी को ट्रांसपोर्ट नगर में जगह दी है, वहां शिफ्ट हो जाए। दुकानदारों का कहना था कि हमारे पास इतने रुपए नहीं है कि ट्रांसपोर्ट नगर में जगह ले सके। प्रशासन की मंशा है कि वहां मैकेनिक संबंधित काम न हो तो हम दूसरा व्यवसाय खोल लेंगे। कलेक्टर ने इस विषय पर निगमायुक्त से चर्चा करने को कहा। जिसके बाद 16 खोली के दुकानदार निगम भी पहुंचे।

watch video

सेवा सहकारी समिति में अवैध कब्जा

ग्राम सडिय़ापानी के ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि सेवा सहकारी समिति के भवन की बाउंड्री के अंदर गांव के ही रमेश द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसे तत्काल रोका जाए। कलेक्टर ने एसडीएम हरसूद को समय सीमा में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कोहेफिजा कॉलोनी निवासी राजू पवार ने नीलकंठ वार्ड क्रमांक 4 में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। कलेक्टर ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

सरपंच पर भ्रष्टाचार के आरोप

ग्राम पंचायत बोरखेड़ाखुर्द के नितेश चौहान एवं अन्य ग्रामीणों ने सरपंच द्वारा भ्रष्टाचार एवं अनियमितता किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत पंधाना सीईओ को मामले की जांच कर ग्रामीणों की समस्या निराकरण के निर्देश दिए। सनावद निवासी शंकर लाल पिता गोपाल द्वारा भू अर्जन के मुआवजा की राशि कम मिलने के संबंध में शिकायत की। शंकरलाल ने बताया कि उसे मुआवजे की राशि 1.55 लाख रुपए मिलना थी, जबकि उसे केवल 49000 का भुगतान किया गया है। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।