
जसवाड़ी रोड माता चौक क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास ठेकेदार मनोज जायसवाल की शराब दुकान के पीछे ही टीन शेड में अवैध अहाता खुला हुआ था, जहां लोग बैठकर शराब पी रहे थे। अवैध रूप से संचालित इस अहाते को तोड़ने मंगलवार को सीटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर आबकारी विभाग अधिकारी व पुलिस के साथ जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे।
सिटी मजिस्ट्रेट बहादूर ने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से अवैध शराब को लेकर कार्रवाई कर रहा है। सूचना मिली थी शराब दुकान के पीछे टीन शेड़ लगाकर लोगों को शराब पिलाई जा रही है। अवैध अहाते के टीन शेड को तोड़ा गया है। इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
शहर में पांच से अधिक टीन शेड
शहरी क्षेत्र में शराब दुकान के साथ ही टीन शेड में शराब बैठाकर पिलाई जा रही है। इस तरह के करीब पांच अवैध अहाते है, जिन पर भी कार्रवाई की तैयारी प्रशासन ने कर ली है। बुधवार को इन पर भी कार्रवाई की जाने की संभावना हैं। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से इन्हें भी तोड़ा जाएगा।
ढाबों पर छलक रहे अब भी जाम
शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से ढाबों पर शराब परोसी जा रही है। इनको लेकर अभी तक बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है। शहरी क्षेत्र में ही रामनगर, इंदौर रोड और सिहाड़ा रोड पर संचालित ढाबों पर शराब मिल रही है। इससे आबकारी और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। अहातों के साथ ही ढाबों पर भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
- शराब दुकान के पास बने टीन शेड को तोड़ा जा रहा है, यह पूर्व से बने हुए हैं। यहां बैठकर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के साथ इस तरह से अवैध रूप से टीन शेड पर भी कार्रवाई जारी रहेगी। - विनय रंगशाही, जिला आबकारी अधिकारी।
Updated on:
02 Sept 2026 12:28 pm
Published on:
02 Sept 2026 12:28 pm
