खंडवा

तीन पुलिया ओवर ब्रिज… खंडवा कलेक्टर की फटकार के बाद भी काम की गति में नहीं आई तेजी

-निरीक्षण के दौरान ठेकेदार को लेबर बढ़ाने के दिए थे निर्देश -रेलवे साइट पर पियर का काम भी चल रहा धीमी गति से -तीन पुलिया की ओर बनी भुजा को सीधा करने का काम भी नहीं हुआ शुरू
2 min read
Sep 21, 2026
Khandwa Three Puliya Over Bridge
खंडवा. साउथ सेंट्रल रेलवे साइट के पियर का काम जस का तस पड़ा हुआ है।

तीन पुलिया ओवर ब्रिज का काम कलेक्टर की फटकार के बाद भी रफ्तार पकड़ता नहीं दिख रहा है। पिछले 8 साल से बन रहे तीन पुलिया ओवर ब्रिज में अब भी काम की गति पहले जैसी ही ठंडी नजर आ रही है। रेलवे साइट पर पियर निर्माण में मजदूरों की संख्या भी कम ही दिख रही है, जबकि कलेक्टर ने लेबर बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। तीन पुलिया साइट रोड और विद्युत पोल शिफ्टिंग का काम भी अब तक शुरू नहीं हुआ है।

कलेक्टर, एसपी ने किया था निरीक्षण

करीब दो सप्ताह पहले 8 सितंबर को कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पीडब्लयूडी सेतू निगम, ब्रिज के ठेकेदारों के साथ तीन पुलिया ओवर ब्रिज के काम का निरीक्षण किया था। यहां काम की धीमी गति देखकर कलेक्टर ने अधिकारियों, ठेकेदारों को फटकार भी लगाई थी। कलेक्टर ने अगले दिन से ही यहां लेबर बढ़ाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के सामने हामी भरने के बाद काम फिर धीमा पड़ता जा रहा है। यहां सेंट्रल रेलवे साइट पर बन रहे दो पियर अब भी पहले जैसे ही नजर आ रहे है। साउथ सेंट्रल साइट पर तो अब तक काम ही आरंभ नहीं हुआ है।

पुल को सीधा करने के लिए भी अब तक डिजाइन तैयार नहीं

कलेक्टर ने तीन पुलिया की ओर आ रही भुजा को सीधा करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया था। यहां ब्रिज के रोड का काम और मेन रोड से जोडऩे का काम भी अब तक शुरू नहीं हुआ है। सेतू निगम अधिकारी अब तक पुल को सीधा करने का डिजाइन भी तैयार नहीं करवा पाए है। यहां रोड पर आ रहे विद्युत पोल को भी सडक़ किनारे शिफ्ट किया जाना है, लेकिन दो सप्ताह से विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए आए खंभे भी एक साइड में पड़े हुए है।

पांच माह बाद शुरू हुआ सर्विस रोड का काम

तीन पुलिया ओवर ब्रिज के सिविल लाइन साइड की भुजा के पास बनने वाले सर्विस रोड का काम भी पांच माह देरी से शुरू हुआ है। यहां पुलिस लाइन से 190 मीटर की रोड पुलिस पेट्रोल पंप और सर्किट हाउस चौराहा तक बनाई जानी है। छह माह पूर्व अनुमति मिलने के बाद यहां अब पेड़ कटाई और पोल शिफ्टिंग का काम आरंभ कराया गया है।

समय पर पूरा कराएंगे काम

सर्विस रोड का काम शुरू करा दिया है। ठेकेदार को लेबर बढ़ाने के लिए कहा था, सेंट्रल रेलवे साइट पर उसने काम भी आरंभ कर दिया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार समय सीमा में काम पूरा करा लिया जाएगा।
जीएस सोलंकी, एसडीओ सेतू निगम

Updated on:
21 Sept 2026 11:59 am
Published on:
21 Sept 2026 11:59 am