
कम बारिश का असर अभी से जिले में नजर आने लगा है। बारिश के पानी को धरती में उतारने में प्रशासन को आशातित सफलता नहीं मिली। उस पर औसत से 6 इंच कम बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है। अब धरती के बाद जल स्रोतों की गागर भी खाली होना शुरू हो गई है। कम बारिश के चलते कुएं, बावडिय़ों, बोरिंगों में पानी नहीं आने से किसान एक माह पूर्व से ही सिंचाई के लिए पानी मांग रहे है। जिसके चलते 49 जलस्रोतों से पानी छोडऩा शुरू कर दिया गया है।
जिले में बारिश का औसत 808 मिमी है, लेकिन इस साल महज 708 मिमी ही बारिश हुई है, जो कि औसत से 150 मिमी यानि 6 इंच कम है। इस बार मावठे की बारिश भी नहीं हुई। रबी के सीजन में गेहूं की बोवनी कर चुके किसान कम बारिश के चलते अब नहरों पर ही निर्भर हो गए है। यहीं कारण है कि इस बार सिंचाई के लिए पानी की मांग समय से पूर्व ही आने लगी है। पूर्व में अच्छी बारिश के चलते किसान अपने कुएं, बोरिंग का उपयोग नवंबर-दिसंबर तक कर लेते थे, जिसके बाद पानी की मांग करते थे। जिन किसानों के पास पानी का साधन नहीं है, उनके लिए नवंबर के अंत में पानी छोड़ा जाता था। इस बार जल संसाधन विभाग ने 10 नवंबर से ही पानी छोडऩा शुरू कर दिया है।
इस बार किसानों के जल स्रोतों ने नवंबर से ही दम तोडऩा शुरू कर दिया है। जिसके चलते किसान अब पानी के लिए नए जल स्रोतों के लिए नलकूप खनन भी करवा रहे है। पिछले एक माह में करीब एक हजार से ज्यादा नलकूप खनन किए गए है। प्रशासन द्वारा अब जल संरक्षण को लेकर नलकूप खनन पर रोक लगाने की भी तैयारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हर साल गर्मी से पहले मार्च में नलकूप खनन पर प्रतिबंध लगता है। इस बार संभवत: अगले माह से जिला प्रशासन इस पर प्रतिबंध लगा सकता है।
जल संसाधन विभाग के पास कुल 49 बड़े, छोटे जलाशय है, जिनसे किसानों को सिंचाई के लिए पानी दिया जाता है। इसमें सबसे बड़े बांध भगवंत सागर सुक्ता डैम के साथ दो मध्यम सिंचाई परियोजना आंवलिया और भाम जलाशय है। इसके साथ ही 46 लघु तालाब, 5 बैराज और 3 एनिकट भी है। पिछले साल की तुलना में इस बार सुक्ता डैम का कैचमेंट एरिया बढ़ाया गया है, जिसके कारण 9.70 एमसीएम जलभराव क्षमता बढ़ी है। सभी तालाबों की जलभराव क्षमता देखी जाए तो पिछले साल से बढ़ी है। पिछले साल सभी तालाबों में 151.965 एमसीएम पानी जमा हुआ था, जबकि इस साल 165.56 एमसीएम पानी जमा हुआ है, जो कि जल भराव क्षमता 175.13 का 94.54 प्रतिशत है।
जल संसाधन विभाग के 49 तालाबों से पिछले साल 36995 हेक्टयर रकबा सिंचाई के लिए प्रस्तावित किया गया था। जिसमें से 33874 हेक्टेयर रकबे को सिंचाई के लिए पानी दिया गया था। इस साल यह रकबा पिछले साल के स्वीकृत रकबे से कम किया गया है। इस साल जल संसाधन विभाग ने कुल 36898 हेक्टेयर का रकबा स्वीकृत किया है। उल्लेखनीय है कि सुक्ता डैम से सिंचाई के लिए पानी देने के अलावा खंडवा और पंधाना नगर को पेयजल के लिए भी पानी संरक्षित रखा जाता है।
इस बार कम बारिश होने से इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर बांध भी पूरे नहीं भर पाए है। यह एक चिंता का विषय है। वर्षा जल संरक्षण को लेकर रणनीति बनाई है। रीचार्ज पिट, कंटूर ट्रेंच आदि बनाए जाएंगे। नागरिकों से भी अपील है कि व्यर्थ में पानी न बहाए, कम से कम पानी का उपयोग करें। इस बार भूजल की स्थिति को देखते हुए नलकूप खनन पर भी रोक लगाई जाएगी।
ऋषव गुप्ता, कलेक्टर