
जिला पंचायत के वार्ड 6 में होने वाले जिपं सदस्य उप चुनाव में सोमवार को स्थिति साफ हो गई। सदस्य चुनाव के लिए सात नामांकन जमा हुए थे, जो विधि मान्य पाए गए थे। सोमवार को नाम वापसी के बाद तीन उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लिए जाने से चार उम्मीदवार मैदान में बचे है। इसमें कांग्रेस समर्थित कृष्ण बिरला और भाजपा समर्थित श्रीराम जीवन चौधरी के साथ श्रीराम पिता लक्ष्मण और सिकदार सुरसिंह के बीच मुकाबला होगा।
मप्र राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत जिपं सदस्य उप चुनाव में सोमवार तक नाम वापसी लिए जाने थे। कांग्रेस ने अपने मुख्य उम्मीदवार कृष्ण बिरला के साथ डमी कैंडिडेट के रूप में जितेंद्र पिता रमेशचंद्र, सुरेश पिता रामलाल का नामांकन जमा कराया था। जबकि भाजपा ने श्रीराम जीवन चौधरी के साथ डमी के रूप में अशोक पिता मोहन पटेल का नामांकन भरवाया था। सभी स्क्रूटनी में सभी विधि मान्य पाए जाने के बाद कांग्रेस के दोनों और भाजपा के एक डमी प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया है। मुख्य मुकाबला श्रीराम चौधरी और कृष्ण बिरला के बीच माना जा रहा है।
सोमवार को नाम वापसी के बाद जिला निर्वाचन द्वारा अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। कांग्रेस समर्थित कृष्ण बिरला को तीर-कमान, श्रीराम जीवन चौधरी को दो पत्ती, श्रीराम प्यासे को उगता सूरज और सिकदार को पतंग चुनाव चिह्न मिला है। निर्वाचन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अब 4 दिसंबर को मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी। मतगणना 8 दिसंबर सुबह 8 बजे जिला मुख्यालय पर होगी। परिणाम की घोषणा 9 दिसंबर को की जाएगी।
जिपं वार्ड 6 के तहत 26 ग्राम पंचायतों के 39 गांव आते है। वार्ड में अधिकतर गांव गुर्जर बाहुल्य समाज के है। पूर्व जिपं सदस्य श्रीराम मोतीराम चौधरी भी गुर्जर समाज से थे। वर्तमान में भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीराम जीवन चौधरी और कांग्रेस समर्थित श्रीराम बिरला भी गुर्जर समाज से ही आते है। चुनाव में गुर्जर समाज मतदाता ही निर्णायक साबित होगा। दोनों ही पार्टियां गुर्जर मतदाताओं को साधने में लगी है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल के साथ श्रीराम चौधरी ने जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है।