
सेवा कार्यों के लिए सदा सुर्खियों में रहने वाला लायंस क्लब खंडवा पहली बार विवादों के चलते चर्चा में आया है। लायंस के कुछ सदस्यों ने कुछ वर्तमान पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें आर्थिक अनियमितता, दान राशि का दुरूपयोग जैसे गंभीर आरोप भी शामिल है। सदस्यों की शिकायत पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जयप्रकाश त्रिपाठी ने तीन सदस्यीय जांच समिति भी बनाई है। समिति द्वारा 15 दिन में जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
लायंस की वर्तमान कार्यकारिणी में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सेवा कार्यों के साथ लायंस संविधान के विरुद्ध कार्य किए जाने को लेकर शिकायतों का दौर भी जारी है। शिकायत करने वाले कुछ सदस्यों को वर्तमान कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया है। जिसके चलते अब विरोध के स्वर भी मुखर होने लगे है। इस मामले में सदस्यों ने कुछ दिन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को शिकायत की है। जिसमें दान की राशि का क्लब गतिविधियों की बजाए अन्य कार्यों जैसे, प्रचार-प्रसार, इंटरनेशनल फीस भरने, पोस्टर बैनर बनवाने जैसे कामों पर खर्च की जा रही है। दान की राशि से स्वयं के चाय नाश्ते पर भी खर्च किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने लायंस भवन के रखरखाव और हिसाब किताब में अनियमितता करने, टैक्स जमा नहीं करने, बिजली बिल नहीं भरने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। गुरु पूर्णिमा उत्सव की खर्च राशि का कोई बिल-हिसाब नहीं है, उत्सव खत्म हुए एक माह बाद भी बाजार में बिना रसीद के पैसे लिए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपों के चलते उन्हें क्लब के कार्यक्रमों में भी नहीं बुलाया जा रहा है।
इस मामले में शिकायत मिलते ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जयप्रकाश त्रिपाठी ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति में लायंस पीडीसी अजय सेंगर इंदौर, पीडीसी निर्मल जैन भीकनगांव और चार्टर्ड एकांउटेंट इंदौर वरुण लालवानी को जांच सौंपी है। जांच समिति 15 दिन में लायंस क्लब खंडवा के विगत 4 वर्षों की आय-व्यय में वित्तीय अनियमितता, लायंस संविधान के विरुद्ध जाकर सदस्यों को क्लब से पृथक करने, भोजन शाला की राशि अन्य जगह व्यय करने, रिस्टेड मेंबर व फैमिली मेंबर से संबंधित शिकायतों की जांच करेगी।
शुक्रवार को खंडवा पहुंचे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जयप्रकाश त्रिपाठी ने शिकायतकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान शिकायतकर्ता मुकेश मैथिल, हीरालाल (राजू) जोशी, मधुबाला शैलार से चर्चा कर उन्हें 10 दिन में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान तरुण झंवर, राजेंद्र शाह, गांधी प्रसाद गदले भी मौजूद रहे।
शिकायत के आधार पर जांच दल गठित कर दिया है। जांच दल दोनों ही पक्षों से दस्तावेज लेकर निष्पक्षता से जांच करेगा। दस दिन में जांच प्रतिवेदन मिल जाएगा, जिसके बाद हम उसे इंटरनेशनल पदाधिकारियों को भेजेंगे। आगे की कार्रवाई इंटरनेशनल करेगा।
जयप्रकाश त्रिपाठी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, लायंस क्लब