
मृतक की मां लक्ष्मीबाई, बहन नेहा, भाभी सीमा, रिश्तेदार और कॉलोनी के रहवासी बुधवार सुबह से मरच्यूरी गेट के सामने धरने पर बैठे रहे। परिजनों ने पीएम करवाने से इंकार कर आरोपियों की गिरफ्तारी और टीन्ना यादव के खिलाफ भी हत्या की धारा में कार्रवाई की मांग की। दोपहर करीब 12.15 बजे प्रदर्शनकारी अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे।
पुलिस को रुपए देने के लिए मां ने फैलाई झोली
बेटे की हत्या से आहत मां लक्ष्मीबाई ने प्रदर्शन के दौरान पदमनगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप था कि पुलिस रुपए लेकर एकतरफा कार्रवाई कर रही है और राजनीतिक दबाव में काम किया जा रहा है। विरोध जताते हुए उन्होंने लोगों के सामने झोली फैलाकर भीख मांगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को रुपए देना हैं। मां का यह विरोध प्रदर्शन के दौरान चर्चा का विषय बना रहा। परिजन लगातार मांग करते रहे कि मामले में सभी संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम
चक्काजाम समाप्त होने के बाद परिजन फिर मरच्यूरी रूम के सामने पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन से लिखित आश्वासन देने की मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विवाद की वजह बताई जा रही भवानी माता मंदिर के पास पार्किंग की जगह पर बनी फूल-प्रसादी की दुकान को हटाने की मांग भी रखी। परिजनों की मांग पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए और दोपहर करीब एक बजे पीएम की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
विधायक और आरोपी के फोटो लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब चार बजे किशन का शव घर लाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस किशन के भाई रोहित गुप्ता और जीजा संदीप वाघ को लेकर घर पहुंची। दोनों के परिवार से मिलने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए किशोर कुमार मुक्तिधाम ले जाया गया। इस दौरान महिलाओं ने हत्या के आरोपियों के फोटो हाथों में लेकर विरोध जताया। एक फोटो में विधायक कंचन तनवे टीन्ना यादव को राखी बांधती नजर आ रही थीं। किशन की बहन नेहा ने इस फोटो को लेकर सवाल उठाए और इसे टीन्ना यादव को विधायक का समर्थन होने का सबूत बताया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी की और फोटो जलाने के साथ उन्हें पैरों से कुचलकर आक्रोश जताया।
फूल-प्रसादी की दुकान से शुरू हुआ विवाद, अब हत्या तक पहुंचा मामला
भवानी माता मंदिर के गेट के पास फूल-प्रसादी की दुकान को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। बताया जाता है कि पार्किंग की जगह पर लंबे समय तक गुप्ता परिवार दुकान संचालित करता था। बाद में दुकान को लेकर टीन्ना यादव, संदीप यादव और किशन गुप्ता के परिवारों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दुकान का संचालन यादव परिवार करने लगा। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तैयारी की बात सामने आई है।
दूसरे पक्ष का हर्षल यादव आइसीयू में भर्ती
घटना में दूसरे पक्ष से घायल हर्षल यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बुधवार को आइसीयू में शिफ्ट किया गया। यादव परिवार का आरोप है कि टीन्ना यादव को मारने के लिए दोपहर से गुप्ता परिवार के लोग घूम रहे थे। बता दें की इस मामले में सोमवार को पार्षद विजय यादव की शिकायत पर गुप्ता परिवार के छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में दोनों पक्षों से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की जांच जारी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने बताया कि किशन की हत्या के मामले में संदीप पिता अनिल यादव, अमन पिता टीन्ना उर्फ सचिन यादव और प्रथमेश पिता संजय यादव को गिरफ्तार किया गया है। शेष तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में अनुसंधान जारी है।
Updated on:
01 Oct 2026 12:00 pm
Published on:
01 Oct 2026 11:58 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
