
शहर में 250 करोड़ रुपए से अधिक लागत की पीएनजी आपूर्ति का ढांचा तैयार किया जा रहा है। कंपनी ने सीएनजी के मुख्य स्टेशन से शहर के इंदौर नाका तक पाइप लाइन डाल दी है। अब शहर में मेन लाइन के साथ डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन डाली जाएगी।
शहर में उपभोक्ताओं को घरेूल और कामर्शियल गैस बुकिंग की झंझट से जल्द मुक्ति मिलेगी। शहर में पहली बार पाइप्ड नेचुरल गैस ( पीएनजी ) की सुविधा शुरू होगी। शहर में गैस वितरण का ढांचा तैयार किया जा रहा है। अडानी टोटल गैस कंपनी ने पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
शहर में इस प्रोजेक्ट की लागत 250 करोड़ से अधिक है। प्रारंभिक चरण में 10 हजार घरेलू कनेक्शन होंगे। इसमें 1300 व्यावसायिक कनेक्शन शामिल हैं। सबकुछ योजना के तहत हुआ तो अप्रेल-2027 में कामर्शियल कनेक्शनों की टेस्टिंग शुरू होगी। शहर में 50 हजार घरों तक पीएनजी की सप्लाई के लिए 300 किलोमीटर लंबी ब्रांच लाइन बिछाई जाएगी। मेन पाइप लाइन इंदौर नाका तक बिछ चुकी है।
भोजाखेड़ी में सीएनजी का 5900 किलो के दो मुख्य स्टेशन बनाए गए हैं। स्टेशन से पीएनजी की आपूर्ति होगी। गैस की सुविधा केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और औद्योगिक क्षेत्रों को भी पाइप लाइन के माध्यम से गैस मिलेगी। परियोजना के अनुसार जिले में दो जिला नियामक प्रणाली ( डीआरएस ) स्थापित होंगे। प्रारंभिक चरण में शहर में 30 मुख्य लाइनें, 50 किलोमीटर पीई पाइपलाइन तथा प्रत्येक 150 से 200 कनेक्शन पर सर्विस रेगुलेटर ( एसआर ) लगाए जाएंगे। जिससे गैस का दबाव नियंत्रित रहेगा। और निर्बाध आपूर्ति हो सकेगी।
पीएनजी के उपयोग से ग्राहकों को एलपीजी सिलेंडर बुक कराने और बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। प्रोजेक्ट मैनेजर के अनुसार प्रत्येक परिवार में चार-पांच होते हैं। पाइप लाइन में प्रत्येक कनेक्शन को 16.25 किलोग्राम के बराबर गैस की आपूर्ति होगी। जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 14.2 किलोग्राम गैस रहती है। पाइप लाइन से लगातार गैस मिलने से सुविधा और सुरक्षा दोनों बढ़ेंगी।
अदानी टोटल गैस लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि खंडवा में पहली बार पीएनजी सप्लाई शुरू की जा रही है। परियोजना के पहले चरण में खंडवा, खालवा, छैगांव माखन और पंधाना को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में ओंकारेश्वर क्षेत्र को जोडा़ जाएगा।
मुख्य अभियंता के मुताबिक पीएनजी की आपूर्ति की सुरक्षा के लिए कंपनी की टीम 24 घंटे गैस नेटवर्क की मॉनिटरिंग करेगी, जिससे किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
पीएनजी परियोजना एक नजर में
कंपनी : अदानी टोटल गैस लिमिटेड ।
लागत : 250 करोड़ से अधिक लागत ।
शहर में प्रस्तावित ब्रांच लाइन : 300 किमी ।
कुल सीएनजी स्टेशन : 4 ।
प्रारंभिक घरेलू कनेक्शन : 10,000 ।
कामर्शियल कनेक्शन : 1,300 ।
जिला नियामक प्रणाली ( डीआरएस ) : 2 ।
प्रारंभिक चरण में मुख्य लाइनें : 30
पीई पाइपलाइन : 50 किमी ।
सर्विस रेगुलेटर : प्रत्येक 150-200 कनेक्शन पर ।
पहला चरण : खंडवा, खालवा, छैगांव माखन, पंधाना ।
दूसरा चरण : ओंकारेश्वर ।
इनका कहना : मनीष कुमार चौहान, परियोजना अभियंता
अडानी टोटल गैस लिमिटेड के द्वारा खंडवा में पहली बार पीएनजी सुविधा शुरू की जा रही है। पहले चरण में 10 हजार घरेलू को कनेक्शन दिए जाएंगे। पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे सिलेंडर बुकिंग कराने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
सीताराम कोठारे, जिला आपूर्ति अधिकारी
पीएनजी पाइप लाइन से उपभोक्ताओं को सहूलियत मिलेगी। कंपनी पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से कर रही है। इसकी शुरुआत आगामी अप्रेल माह में कामर्शियल गैस कनेक्शन की टेस्टिंग शुरू करेगी।