30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

श्रावण मास में जा रहे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए तो यह रखे ध्यान, प्रशासन ने बदली हैं व्यवस्थाएं

-इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर देशगांव से इंदौर तक दिन में भारी वाहन प्रतिबंधित -तीर्थनगरी में मंदिर तक मार्ग रहेगा एकांकी, वीआइपी दर्शन की अलग व्यवस्था
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jul 30, 2026

Omkareshwar Jyotirlinga

ओंकारेश्वर. सामान्य श्रद्धालुओं के लिए पुराने झूला पुल से रहेगा दर्शन का मार्ग। वीआइपी, शीघ्र दर्शन के लिए नए झूला पुल से रहेगा रास्ता।

पवित्र श्रावण माह गुरुवार 30 जुलाई से आरंभ हो रहा है। जिले में स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर और ममलेश्वर भगवान के दर्शन के लिए श्रावण मास में भारी भीड़ उमड़ेगी। तीर्थयात्रियों को सुलभ दर्शन के लिए प्रशासन द्वारा इस बार भी व्यवस्था बदली गई है। यहां ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में सुखदेव मुनि गेट को खोल दिया गया है, जहां से दर्शनार्थियों को दर्शन कराए जा रहे हैं। यहां एक मिनट में 100 श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।

सामान्य, वीआइपी व्यवस्था अलग-अलग

प्रशासन ने श्रावण मास के लिए ओंकारेश्वर में नए बस स्टैंड से सरकारी अस्पताल होते हुए कुबेर भंडारी मार्ग को वन-वे किया है। सामान्य दर्शनार्थियों और शीघ्र दर्शन, वीआइपी प्रोटोकॉल दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है। सामान्य दर्शनार्थी जेपी चौक, पुराने झूला पुल होते हुए रैंप के माध्यम से सुखदेव मुनि गेट से दर्शन कराए जाएंगे। यहां से श्रद्धालु तीन कतार में प्रवेश करेंगे। गर्भगृह से 10 फीट दूर से दर्शन करते हुए धक्का गेट से बाहर आएंगे। निकासी द्वारा से प्रोटोकॉल और शीघ्र दर्शन वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए प्रवेश कराया जाएगा। यहां से यू टर्न लेकर गर्भगृह से दर्शन करते हुए धक्का गेट से ही बाहर निकल जाएगा।

दिन में हाईवे पर भारी वाहन प्रतिबंधित

प्रशासन ने सावन में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए हाईवे पर जाम की स्थिति से बचने के लिए दिन में भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया है। इंदौर से आने वाले वाहन तेजाजी नगर से महू, धामनोद, खरगोन होते हुए देशगांव से निकलेंगे। इंदौर जाने वाले वाहनों के लिए भी यह रास्ता रहेगा। भारी वाहन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हाईवे पर प्रतिबंधित रहेंगे। खंडवा से सीधे इंदौर जाने वाले छोटे वाहन धनगांव से नए मोरटक्का ब्रिज होते हुए बलवाड़ा तक आसानी से निकल सकते हैं।

पार्किंग व्यवस्था :

  1. ब्रह्मपुरी
  2. कुबेर भंडारी पार्किंग
  3. नया बस स्टैंड पार्किंग
  4. गणेश नगर पार्किंग
  5. रात में भीड़ होने पर हेलीपेड

यह भी जाने मंदिर जाने से पहले :

-प्रात: 4 बजे मंदिर के पट खुलते हैं।
-दोपहर भोग के लिए 12.20 से 1.15 तक मंदिर बंद रहता है।
-शयन कालीन आरती 9.30 से 10.30 बजे तक आधे घंटे मंदिर बंद रहता है।
-रात्रि 10 के बाद आधे घंटे दर्शन के लिए मंदिर खुलता है।
-अधिक भीड़ के समय प्रात: 3 बजे मंदिर खुल जाता है।

इन शहरों से ओंकारेश्वर की दूरी

73 किमी खंडवा से व्हाया सनावद ओंकारेश्वर
81 किमी इंदौर से व्हाया मोरटक्का ओंकारेश्वर
260 किमी भोपाल से व्हाया आष्टा, नर्मदानगर ओंकारेश्वर