खंडवा

महाशिवरात्रि… ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर करेंगे रात्रि जागरण, रातभर देंगे दर्शन

रात 3 बजे होगी शयन आरती, 15 मिनट विश्राम करेंगे भगवान ओंकारनाथ -मंगल आरती के बाद तुरंत खोले जाएंगे पट, दिन-रात चलेंगे दर्शन -दो लाख श्रद्धालुओं की संभावना को देखते हुए प्रशासन जुटा तैयारियों में -पार्किंग और क्राउड कंट्रोल मैनेजमेंट के लिए तैयार कर रहे प्लान, घाटों पर रहेंगे गोताखोर

2 min read
Feb 09, 2026
खंडवा. तीर्थनगरी ओंकारेश्वर। इनसेट में ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारनाथ।

महाशिवरात्रि पर्व पर ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारनाथ रातभर भक्तों को दर्शन देंगे। महाशिवरात्रि पर उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए श्रीजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा रात 3 बजे ही शयन आरती कर ली जाएगी। इसके 15 मिनट बाद मंगल आरती के साथ ही भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके लिए प्रशासन द्वारा क्राउड कंट्रोल मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है।

महाशिवरात्रि पर ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर मंदिर में रातभर दर्शन की व्यवस्था रहेगी, सिर्फ शयन आरती और मंगल आरती के लिए दर्शन रोके जाएंगे। तीर्थनगरी में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर में दर्शन व्यवस्था के लिए जेपी चौक पर जिगजैग के माध्यम से पुराने झूला पुल होते हुए रैंप के माध्यम से भक्तों को प्रवेश दिया जाएगा। महाशिवरात्रि पर मंदिर के गर्भगृह में जल, पूजन सामग्री, फूल-बिल्व पत्र आदि प्रतिबंधित किए गए है। इसके लिए भक्तों से नंदी हाल में ही पूजन सामग्री ली जाएगी और जलाधारी के माध्यम से जल चढ़ाया जाएगा।

मंदिर पर पुष्प वर्षा का भी प्रस्ताव
महाशिवरात्रि पर ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर मंदिर को सवा क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही यहां मंदिर पर दोपहर में पुष्प वर्षा का भी प्लान है। श्रीजी मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी राव पुष्पेंद्रसिंह ने बताया कि इसके लिए कलेक्टर को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने पर पुष्पवर्षा भी कराई जाएगी।

मोरटक्का में ही रोकेंगे बड़े वाहन
तीर्थनगरी में पर्वों पर सबसे ज्यादा परेशानी पार्किंग व्यवस्था की है। इसके लिए यातायात पुलिस ने व्यवस्थित पार्किंग के लिए प्लान तैयार किया है। डीएसपी यातायात अनिल कुमार राय ने बताया इंदौर से आने वाले बड़े वाहनों को मोरटक्का में ही खड़ा कराया जाएगा। यहां से मैजिक, ई-रिक्शा, मिनी बस से नया बस स्टैंड तक भेजा जाएगा। चार पहिया और दो-पहिया वाहनों को नया बस स्टैंड पर रोका जाएगा और ट्रैचिंग ग्राउंड पार्किंग भेजेंगे। वहां पार्किंग भरने के बाद ताम्रकर पार्किंग भेजा जाएगा।

Updated on:
09 Feb 2026 12:06 pm
Published on:
09 Feb 2026 12:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर