
Road Accident (नर्मदा ब्रिज पर कार को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर Photo Source- Input)
Khandwa News :मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के नर्मदानगर थाना इलाके में इंदिरा सागर डेम के सामने जगमूर्ति नर्मदा नदी ब्रिज पर भीषण सड़क हादसा हो गया। ओंकारेश्वर दर्शन कर सीहोर के कुबेरेश्वर धाम जा रहे वाराणसी के परिवार की कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक कार को कई मीटर तक घसीटता ले गया। कार का आधा हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह दब गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
वाराणसी के आदमपुर में रहने वाले 46 वर्षीय संजय पिता शिवप्रसाद गुप्ता परिवार के साथ कार क्रमांक एमपी 13-डीआइ-9998 से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उज्जैन दर्शन के बाद परिवार ओंकारेश्वर पहुंचा था। शुक्रवार को दर्शन करने के बाद सभी लोग सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। कार मुकेश पिता ब्रजलाल चला रहे थे।
ब्रिज पर फोटो खिंचाने के बाद जैसे ही परिवार कार में बैठकर आगे बढ़ने लगा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09-जीएफ 4843 ने कार को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे फंस गई और ट्रक उसे कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। कोर ब्रिज की रेलिंग को तोड़ते हुए रुक गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे लोग फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने अपने वाहन रोककर घायलों की मदद शुरू की। सूचना मिलने पर नर्मदानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। करीब आधे घंटे में सभी को रेस्क्यू किया गया।
हादसे में 46 वर्षीय संजय गुप्ता, 51 वर्षीय कन्हैयालाल गुप्ता, 42 वर्षीय ममता देवी, 38 वर्षीय रीना देवी, 80 वर्षीय कलावती सिंह, 13 वर्षीय तुलिका, 10 वर्षीय अमित और गरिमा गुप्ता, 8 वर्षीय इशांत गुप्ता और 13 वर्षीय आरोही गुप्ता घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल अमित, ममता, रीना, कलावती और गरिमा को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 80 साल की बुजुर्ग महिला कलावती सिंह निवासी लखनऊ की मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर नर्मदानगर थाना प्रभारी धीरेश धारवाल ने बताया कि, ओंकारेश्वर से दर्शन कर लौट रहे वाराणसी के परिवार की कार को ट्रक ने टक्कर मारी है। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। घायल एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में ट्रक को जब्त कर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
Updated on:
25 Jul 2026 12:19 pm
Published on:
25 Jul 2026 12:19 pm
