खंडवा

मातम में बदली गणगौर की खुशियां, एक साथ उठेंगी आठ अर्थियां, सीएम ने किया मुआवजे का एलान

MP Accident: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गणगौर विसर्जन से पहले बड़ा हादसा, कुएं की सफाई करते जहरीली गैस की चपेट में आने से छैगांवमाखन के कोंडावच गांव में एक साथ आठ लोगों की मौत, आज अंतिम संस्कार, सीएम मोहन यादव ने किया चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान
2 min read
• •
Updated: 4 Apr 2025, 12:09 PM IST
MP Accident
MP Accident: मौत के इस कुएं ने ली आठ की जान, आज एक साथ उठेंगी 8 अर्थियांं, गांव में मातम

MP Accident: जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव में आज शुक्रवार के दिन भी मातम पसरा है, पूरे गांव में गणगौर का पर्व खुशियों के बजाय मातम में बदल गया। हर घर से रुदाली और तीख-पुकार की आवाज सुन हर किसी का दिल दहल रहा है। यहां कुएं की सफाई करने उतरे आठ लोगों के लिए वो कुआं मौत का कुंआ साबित हुआ और आठों की मौत हो गई। आज गांव में एक साथ आठ चिता जलेंगी।

कुएं में सफाई करने उतरे थे आठ लोग

बता दें कि गुरुवार शाम कुएं की सफाई करने उतरे आठ ग्रामीणों की मौत हो गई थी। गणगौर विसर्जन की तैयारी के तहत कुएं की सफाई करने के लिए आठ ग्रामीण नीचे उतरे थे। कुएं में जहरीली गैस होने के चलते ये सभी कुएं में फंस गए और सभी की मौत हो गई। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी आठों शव निकाले जा चुके थे। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

दोपहर में गांव के चार लोगों ने गणगौर पर्व के लिए कुएं की सफाई का काम शुरू किया। कुएं में जमी भारी मात्रा में गाद और दलदल के बीच फंसे ये लोग शाम तक बाहर नहीं निकल पाए। इनको बचाने के लिए चार अन्य युवक भी कुएं में उतरे, वे भी कुएं में फंस गए। ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर बचाव का प्रयास शुरू किया। बाद में प्रशासन को सूचना दी गई।

एसडीआरएफ की 15 सदस्यीय टीम ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना स्थल पर पहुंची एसडीआरएफ की 15 सदस्यीय टीम ने रस्सियों और जालों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि कुएं में गंदे पानी के जमाव के कारण जहरीली गैस बनने की आशंका है जिसके चलते युवकों का दम घुटने से मौत हुई होगी।

इन्हें लील गया मौत का कुआं

मृतकों में मोहन पिता मंशाराम पटेल (50), वासुदेव आशाराम पटेल (45), गजानंद पिता गोपाल पटेल (40), अनिल पिता आत्माराम (35), राकेश पिता हरिराम (26), अजय पिता मोहन पटेल (30), सरन पिता सुखराम पटेल (40), अर्जुन पिता गोविंद पटेल (35) हैं।

सीएम ने किया 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि- खंडवा के छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 8 व्यक्तियों के काल कवलित होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस, प्रशासन, होम गार्ड्स एवं एसडीईआरएफ की टीम ने जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

दुख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजन के साथ मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। सभी मृतकों के परिवारजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि सभी पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजन को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


Updated on:
4 Apr 2025, 12:09 PM IST
Published on: