26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सीवरेज : 252 करोड़ के टेंडर में 60 किमी डामरीकृत सड़कें गायब, मरम्मत से ठेकेदार ने खड़े किए हाथ

नगर सरकार के 252 करोड़ के प्रोजेक्ट में टेंडर की ​लिपिकीयत्रुटियाें ने जनता की मुश्किलें बढ़ा दी है। काम शुरू हुए आठ माह हो गए। मरम्मत के समय ठेकेदार ने यह कहते हुए हाथ खड़े कर दिए कि टेंडर में डामरीकृत सड़कों का अनुबंध नहीं हुआ है। इसमें सिर्फ सीसी मार्ग का अनुबंध है। अधिकारियों का कहा है कि रिमाइंडर किया गया है, कंस्ट्रक्शन कंपनी संशोधित आदेश का इंतजार कर रही ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

खंडवा

•

image

Rajesh Patel

•

Updated: 26 Oct 2026, 12:10 PM IST

sewerage scheme

खंडवा : शहर में सीवरेज लाइन में बिछाई जा रही पाइप लाइन।

नगर सरकार के 252 करोड़ के प्रोजेक्ट में टेंडर की ​लिपिकीयत्रुटियाें ने जनता की मुश्किलें बढ़ा दी है। काम शुरू हुए आठ माह हो गए। मरम्मत के समय ठेकेदार ने यह कहते हुए हाथ खड़े कर दिए कि टेंडर में डामरीकृत सड़कों का अनुबंध नहीं हुआ है। इसमें सिर्फ सीसी मार्ग का अनुबंध है। अधिकारियों का कहा है कि रिमाइंडर किया गया है, कंस्ट्रक्शन कंपनी संशोधित आदेश का इंतजार कर रही ।

अधिकारियों ने डामरीकृत मार्गों को नहीं किया शामिल

शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी जा रही हैं। लेकिन मरम्मत की बारी आई तो डामरीकृत सड़कों का प्रावधान ही टेंडर से गायब मिला। करीब 60 किमी डामरीकृत सड़कों को मरम्मत के दायरे में शामिल नहीं किया गया। अब कंस्ट्रक्शन कंपनी ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। इससे डामरीकृत वाले मार्ग आनंद नगर, सिविल लाइंस, पदम नगर सहित अन्य वार्डों में मरम्मत का काम अटका है। यही नहीं डामरीकृत मार्गों पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी बंद कर दिया गया है। हालांकि निगम कंस्ट्रक्शन कंपनी को मरम्मत कार्य कराने के साथ ही त्रुटिपूर्ण को संशोधित कराने नगरीय प्रशासन को पत्र लिखा है।

शहर में बिछाई जानी है 252 किमी पाइप लाइन

शहर में 252 करोड़ रुपए की सीवरेज योजना के तहत 252 किमी पाइप लाइन बिछाई जानी है। निर्माण के बाद सड़कों की मरम्मत भी जरूरी है। लेकिन टेंडर में केवल सीसी सड़कों और कच्चे रास्तों को शामिल किया गया। डामरीकृत सड़कों को छोड़ दिया गया। अब इन सड़कों की मरम्मत कौन कराएगा, इसे लेकर जिम्मेदारों के बीच सवाल-जवाब चल रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रोजेक्ट कंसल्टेंट ने तैयार कर प्रस्तुत किया था। ऐसे में इसकी जिम्मेदारी कंसल्टेंट की है। दूसरी ओर, जिन सड़कों पर सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खुदाई हुई। वहां मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। कई क्षेत्रों में सड़कें बदहाल हैं। वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

80 किमी से अधिक पाइप लाइन बिछाने का दावा

शहर में 252 किमी सीवरेज लाइन बिछाई जानी है। अब तक 80 किमी से अधिक पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हुआ है। निगम का दावा है कि 23 किमी से अधिक मार्ग की मरम्मत और 5 किमी सीसी सड़क का काम भी पूरा कर लिया गया है। अक्टूबर तक निर्माण का लक्ष्य 50 प्रतिशत था। ऐसे में तय समय पर काम पूरा करने के साथ खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य पीछे चल रहा है। निगम का दावा है कि 35 फीसदी कार्य पूर्ण हो गया है।

वार्डवार इंजीनियरों को जिम्मेदारी

सीवरेज कार्यों की निगरानी के लिए वार्डों के समूह के अनुसार इंजीनियरों की जिम्मेदारी तय की गई है। वार्ड 1 से 17 तक प्रभारी सहायक यंत्री मनीष झीलें और उपयंत्री दिनेश सोलंकी जिम्मेदार हैं। वार्ड 18 से 34 तक प्रभारी सहायक यंत्री राकेश कलम और उपयंत्री सर्वेश मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, वार्ड 35 से 50 तक सहायक यंत्री भरत सुरजाय और उपयंत्री आदर्श शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डामरीकरण के लिए रिमाइंडर

सीवरेज का निर्माण अभी तक 35 फीसदी हो गया है। सीसी मार्गों के मरम्मत के कार्य चल रहे हैं। डामरीकरण के लिए रिमाइंडर शासन को भेजा गया है।

राधेश्याम उपाध्याय, कार्य पालन यंत्री

फैक्ट फाइल : सीवरेज योजना

कुल लागत : 252 करोड़ रुपए

पाइप लाइन का लक्ष्य : 252 किमी

अब तक पाइप लाइन : 80 किमी से अधिक

मार्ग मरम्मत : 25 किमी

सीसी सड़क निर्माण : 5 किमी

इंस्पेक्शन चैंबर : 19 हजार

पंपिंग स्टेशन : 5

मैनहोल : 7500