खंडवा

आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में शिक्षक पर केस, कार्रवाई के विरोध में संगठनों ने दी जनआंदोलन की चेतावनी

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के विरोध में समाजजन
2 min read
• •
Updated: 6 Jan 2018, 9:10 AM IST
Offensive comment on social media, filed a case against the school teacher
Offensive comment on social media, filed a case against the school teacher

खंडवा. आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में शिक्षक के खिलाफ दर्ज हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने की मांग को लेकर शुक्रवार को समाज के संगठनों ने एसपी नवनीत भसीन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया शिक्षक प्रेमलाल कोठारे निवासी मूंदी शासकीय सेवा में होने के साथ ही अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी अधिकारी संघ (अजाक्स संघ) के संभागीय पदाधिकारी है। उन्होंने कहा वाट्सएप पर अजाक्स उज्जैन के नाम से संचालित हो रहे ग्रुप में सभी अजाक्स के सदस्य शामिल हैं। यह ग्रुप निजी है। ऐसे में आपत्तिजनक टिप्पणी पुलिस को कहां और किससे मिली इसकी जांच कराई जाए। सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाते हुए कहा पुलिस ने दवाब में आकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की है। संगठनों के पदाधिकारियों ने दो दिन में शिक्षक पर दर्ज हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर मामले में खात्मा करने की मांग की है। चेतावनी देते हुए कहा यदि ऐसा नहीं हुआ तो अनुसूचित जाति जनजाति के लोग कार्रवाई के विरोध में जनआंदोलन करेंगे। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों सोशल मीडिया पर राजपूत समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया था। जिसको लेकर समाज ने विरोध जताकर कार्रवाई की मांग की थी।

जंगल में पुलिस की दबिश, अवैध शराब की भट्टियां मिली
खंडवा. बेनपुरा के जंगलों में अवैध कच्ची शराब बनाने का कारोबार चल रहा था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर मांधाता पुलिस ने जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस को बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बनाने की सामग्री मिली है। वहीं आरोपित पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। जानकारी के अनुसार बेनपुरा के जंगल में नर्मदा नदी के पास नाले के किनारे अवैध कच्ची शराब बनाने का कारोबार चल रहा था। मुखबिर ने मामले की सूचना एसपी नवनीत भसीन को दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस टीम मौके पर कार्रवाई के लिए रवाना की। टीम ने जंगल में घेराबंदी की और दबिश दी। बावजूद इसके एक भी आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लग सका। कार्रवाई में पुलिस ने शराब बनाने की सामग्री और भट्टियों को नष्ट किया है। वहीं शराब बनाने की बर्तन जब्त किए गए हैं। मांधाता पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
घर में छिपा बैठा था जिलाबदर अपराधी, पुलिस ने दबोचा
खंडवा. जिलाबदर होने के बाद भी कानून का उल्लंघन कर शहर में छिपे बैठे अपराधी को कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार दोपहर दबोच लिया। आरोपित राहुल पिता सूपा रोकड़े (२५) निवासी सूरजकुंड को दिसंबर २०१७ में जीआरपी एसपी के प्रतिवेदन पर कलेक्टर ने जिलाबदर किया था। उसे खंडवा सहित आसपास के जिलों की सीमा में बगैर अनुमति के प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया गया था। बावजूद इसके आरोपित राहुल कुछ दिन से खंडवा में छिपा बैठा था। कोतवाली पुलिस को पिछले दो दिनों से लगातार जिलाबदर आरोपित राहुल के सूरजकुंड क्षेत्र में होने की सूचना मिल रही थी। शुक्रवार दोपहर मुखबिर ने आरोपित के घर में छिपे होने की सूचना दी। टीम ने दबिश दी और आरोपित राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने राहुल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।

Published on: