खंडवा

नवरात्र के पहले दिन ओंकारेश्वर में हादसा, उत्तर प्रदेश दो दोस्तों की डूबने से मौत

-गोमुख घाट की घटना, रात होने से मदद भी नहीं मिल पाई, निकाले शव -गाजियाबाद से आए थे तीन दोस्त, नहाते समय गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Omkareshwar Accident
ओंकारेश्वर. डूबे युवक को बाहर निकालते नाविक और गोताखोर।

ओंकारेश्वर में नवरात्र के पहले दिन ही एक दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना तीर्थनगरी में रविवार रात करीब 7.20 बजे गोमुख घाट की है। यहां गाजियाबाद से आए तीन दोस्त स्नान कर रहे थे, जिसमें से दो गहरे पानी में चले गए और डूब गए। एक युवक को स्थानीय नागरिकों ने पकडकऱ बाहर निकाल लिया। पुलिस गोताखोरों ने रेस्क्यू कर दोनों युवकों के शव बाहर निकाले।

पानी का बहाव भी था तेज

ओंकारेश्वर में नहाते समय डूबने की इस माह की यह पहली घटना है। गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी सौरभ पिता संजय (21) और अमन (21) व उनका दोस्त रोहित पिता रामगोपाल रविवार को ओंकारेश्वर पहुंचे थे। शाम 7 बजे करीब तीनों दोस्त नहाने के लिए गोमुख घाट पहुंचे। इस दौरान घाट पर अंधेरा भी था और बांध की टरबाइन से पानी छोडऩे के कारण नदी का बहाव भी तेज था। तीनों स्नान करते हुए गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। गहरने पानी में सौरभ और अमन लापता हो गए, जबकि रोहित ने हाथ छोड़ दिया, जिसे वहां मौजूद लोगों ने बाहर निकाल लिया।

watch video

आधे घंटे बाद स्थानीय नाविकों ने निकाले शव

घटना के आधे घंटे बाद सूचना मिलने पर स्थानीय नाविक मुकेश वर्मा, अरुण वर्मा और जीतू वर्मा ने गहरे पानी में उतरकर तलाश शुरू की। उन्होंने सौरभ पिता संजय और अमन दोनों निवासी गाजियाबाद को पानी से बाहर निकाला। मौके पर युवकों को सीपीआर देकर बचाने और पेट से पानी निकालने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस, एसडीईआरएफ और नाविकों की मदद से दोनों को सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर रवि वर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

साथ आए दोस्त ने उठाए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

मृतक सौरभ एवं अमन के साथ आए रोहित ने बताया एक मेरे ताऊ का लडक़ा है एवं एक दोस्त है। रोहित ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। आरोप है कि घाट पर न तो खतरे का संकेत देने वाला बोर्ड लगा है और न ही नहाने के लिए सुरक्षा चेन की व्यवस्था है। रोहित ने कहा कि दोस्तों को पानी से बाहर निकालने में काफी समय लग गया। यदि उन्हें समय पर बाहर निकाल लिया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।

परिजन आने के बाद होगा पीएम

सूचना मिलने पर मांधाता थाना प्रभारी अनोखसिंह सिंदया भी अपनी टीम के साथ घाट पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। थाना प्रभारी अनोखसिंह सिंदया ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Updated on:
12 Oct 2026 11:59 am
Published on:
12 Oct 2026 11:59 am