खंडवा

बाबा ओंकारनाथ ससुराल मालवा के भ्रमण पर निकले, 15 दिनों तक नहीं रहेंगे ओंकारेश्वर में

- गोपाष्टमी की पावन बेला पर विधि-विधान से पूजा के बाद रवाना हुए भगवान श्री ओंकारेश्वर, 1 दिसंबर भैरव अष्टमी को होगी वापसी -15 दिनों तक मंदिर में नहीं सजेगा बाबा का दरबार, झूला, पालना और चौपड़-पासा की व्यवस्था रहेगी बंद।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 12:19 PM IST
Omkareshwar Jyotirlinga
ओंकारेश्वर. मालवा भ्रमण के पूर्व भगवान ओंकारेश्वर की हुई पूजा।

ज्योर्तिलिंग बाबा ओंकारेश्वर गोपाष्टमी के पावन अवसर पर अपने ससुराल 'मालवा के भ्रमण पर निकले हैं। वे अगले 15 दिनों तक अपने धाम यानी ओंकारेश्वर में विश्राम नहीं करेंगे। इस दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में उनका शयन कक्ष सूना रहेगा। उनके 1 दिसंबर तक उनकी वापसी तक भक्तों को विशेष शयन शृंगार के दर्शन नहीं हो सकेंगे।

पूजा पाठ के साथ हुए बाबा ओंकारनाथ रवाना

कार्तिक शुक्ल अष्टमी (गोपाष्टमी) पर मंगलवार को भगवान श्री ओंकारेश्वर की मालवा यात्रा का श्रीगणेश हुआ। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर प्रांगण में राजपुरोहित पं. जगदीशचंद्र परसाई ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इस खास मौके पर श्री गणेश पूजा, हनुमान पूजा, नंदी पूजा और चौखट पूजा की गई। इस विशेष पूजन का आयोजन मंदिर के ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह चौहान और उनकी पुत्री प्राची सिंह चौहान ने किया। प्राचीन धार्मिक मान्यता है कि बाबा ओंकार अकेले ही अगले 15 दिन तक मालवा में अपने ससुराल का भ्रमण करेंगे।

15 दिनों तक नहीं सजेगा बाबा का शयन कक्ष

बाबा ओंकार के मालवा भ्रमण के चलते 17 नवंबर से अगले 15 दिनों तक ओंकारेश्वर मंदिर में रात की शयन व्यवस्था पूरी तरह से बंद रहेगी। इस अवधि में बाबा को रिझाने के लिए उपयोग होने वाला झूला, पालना, चौपड़-पासा आदि नहीं बिछाया जाएगा और न ही शयन शृंगार किया जाएगा।

भैरव अष्टमी पर होगी वापसी, दर्शन रहेंगे चालू

बाबा के भ्रमण के चलते श्रद्धालुओं को उनके शयन शृंगार के दर्शन नहीं होंगे। वहीं मंदिर प्रबंधन बताया कि इस दौरान भगवान की शयनकालीन आरती तय समय पर होती रहेगी। प्रतिदिन होने वाले बाबा के सामान्य दर्शन भी पूर्ववत जारी रहेंगे। बाबा ओंकार की यात्रा 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के दिन पूरी होगी। बाबा की वापसी के बाद फिर से शयन शृंगार की भव्य व्यवस्थाएं और परंपराएं शुरू हो जाएंगी।

इंदौर, उज्जैन सहित अन्य शहरों में भ्रमण

बाबा ओंकार के भ्रमण के पीछे मान्यता है कि मालवा में उनके ससुराल जाते हैं। इस भ्रमण में वे अकेले रहते है। 15 दिन के भ्रमण वे इंदौर, उज्जैन सहित अन्य मालवा के वि?भिन्न शहरों में घुमेंगे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि बाबा ओंकार कि किस शहर में ससुराल है। मंदिर प्रशासन प्राचीन मान्यता के चलते इस परंपरा का निर्वाह कर रहा है।

Updated on:
18 Nov 2026, 12:19 PM IST
Published on: