खंडवा

सिंहस्थ 2028… ओंकारेश्वर मंदिर विस्तार में अब सिर्फ 22 परिवारों की सहमति का इंतजार, 28 को निकलेगा हल!

-नई योजना में मकान-दुकानों की संख्या घटाई, सर्वे भी किया पूरा -अब बैठक में सहमति का इंतजार, बार-बार टल रही बैठक -28 को सांसद ओंकारेश्वर में लेंगे दिशा की मिटिंग, हल निकलने की संभावना
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:01 PM IST
Simhastha 2028
खंडवा. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर। फोटो पत्रिका।

सिंहस्थ 2028 के लिए तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में करोड़ों के विकास कार्य चल रहे हैं। क्राउड कंट्रोल मैनेजमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन ओंकारेश्वर मंदिर विस्तार का कार्य आरंभ करा चुका है। ओंकारेश्वर मंदिर विस्तार की जद में आ रहे लोगों की सहमति विकास कार्य में अवरोध बनी हुई है। प्रशासन योजना का प्रारूप बदलकर प्रभावितों की संख्या भी कम कर दी है, अब इन प्रभावितों की सहमति का इंतजार है।

160 करोड़ से होना है मंदिर क्षेत्र का विकास

ओंकारेश्वरमंदिर परिसर के विस्तार और सौंदर्यीकरण का काम 160 करोड़ की लागत से हो रहा है। योजना के टेंडर भी हो चुके है और कार्य भी आरंभ कर दिया है। पहले चरण में ओंकारेश्वर मंदिर के सुकदेव मुनि प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही मंदिर के पास जूना महल के पास भी यात्री प्रतीक्षालय बनाने का टेंडर भी हो चुका है। मंदिर विस्तार के लिए लोगों के मकान, दुकान और प्रतिष्ठान भी आ रहे है। पूर्व में इस योजना में 52 दुकान, 67 मकान और 5 धर्मशालाएं प्रभावित हो रही थी। बाद में योजना को बदला गया, जिसमें कुल 96 लोग प्रभावित हो रहे थे। दूसरी योजना का भी प्रभावितों ने विरोध किया था।

अब 22 लोग ही प्रभावित, सिर्फ सहमति बाकी

ओंकारेश्वर मंदिर परिसर विस्तार की योजना में प्रभावितों के विरोध के बाद तीसरी बार योजना का खाका बदला गया। जिला प्रशासन ने इसमें प्रभावितों की संख्या भी कम कर दी। अब इस योजना में कुल 22 लोग ही प्रभावित हो रहे है। इसके लिए प्रशासन द्वारा सूची बनाकर सर्वे भी कराया जा चुका है। इसके बाद सहमति के लिए बैठक होना है। दो बाद तारीख तय होने ेके बाद त्योहारों के चलते प्रशासन ने बैठक स्थगित कर दी। अब 28 नवंबर को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की अध्यक्षता में दिशा की बैठक ओंकारेश्वर में आयोजित की गई है। इसके साथ यहां प्रभावितों की बैठक भी ली जाएगी, जिसमें हल निकलने की संभावना है।

ममलेश्वर मंदिर विस्तार का प्रस्ताव अब भी अटका

ओंकारेश्वर मंदिर परिसर विस्तार के साथ ही ममलेश्वर मंदिर परिसर का भी विस्तार 119.70 करोड़ की लागत से होना है। पहले यह ममलेश्वर लोक के नाम से बनना था, जिसमें करीब 400 लोग प्रभावित हो रहे थे। इसका जमकर विरोध हुआ और नगर बंद भी किया गया। इसके बाद योजना को बदलकर ममलेश्वर मंदिर विस्तार किया गया। इसमें भी करीब 250 लोग प्रभावित हो रहे थे, जिनके पुनर्वास और मुआवजे को लेकर विरोध शुरू हो गया। प्रशासन ने इस योजना में भी प्रभावितों की संख्या कम की है। योजना को राज्य शासन से मंजूरी मिलना अभी बाकी है।

बैठक में हल निकल जाएगा

ओंकारेश्वर मंदिर विस्तार के लिए प्रभावितों का सर्वे करा लिया गया है। अगली बैठक में सभी प्रभावितों के मुआवजे और पुनर्वास को लेकर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में निर्णय हो जाएगा। ममलेश्वर मंदिर के लिए अभी प्रस्ताव पास होना है।
श्रद्धा शुक्ला, अपर कलेक्टर व सिंहस्थ नोडल अधिकारी

Updated on:
23 Nov 2026, 12:01 PM IST
Published on: