खंडवा

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में चल रहा था अवैध कारोबार, क्राइम ब्रांच ने दबिश देकर दबोचा

नर्मदा किनारे बने मकान में चल रहा था सट्टा, दबिश देकर चार को दबोचा एसपी की स्पेशल टीम ने की कार्रवाई, एक लाख नकद व 17 मोबाइल जब्त

2 min read
Nov 16, 2019
Police arrest four accused after taking action in Omkareshwar
Police arrest four accused after taking action in Omkareshwar

खंडवा. तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा किनारे बने मकान में संचालित हो रहे सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपए नकद और 17 मोबाइल जब्त किए गए। जानकारी के अनुसार, ओंकारेश्वर में अवैध सट्टा संचालन की सूचना मुखबिर से एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह को मिली। उन्होंने तुरंत सीएसपी ललित गठरे के नेतृत्व में उनके ही कार्यालय के जवानों की स्पेशल टीम कार्रवाई के लिए रवाना की। सीएसपी गठरे रात 8 बजे टीम के साथ ओंकारेश्वर पहुंचे। मुखबिर की सूचना के मुताबिक नर्मदा किनारे बने मकान में दबिश दी। मकान के एक कमरे में चार युवक बैठकर सट्टा पर्चियां लिखते मिले। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गजेन्द्र अग्रवाल (45) निवासी वार्ड 11 ओंकारेश्वर, केशव जोशी (30) निवासी वार्ड 9 मेन रोड, लक्ष्मण सिंह चंद्रावत (29) निवासी ममलेश्वर और अजय सिंह (30) निवासी वार्ड तीन बस स्टैंड को गिरफ्तार किया। मौके से एक लाख नकद, 17 मोबाइल, सट्टा पर्चियों के करीब 30 बंडल सहित अन्य सामग्री जब्त की। आरोपियों को गिरफ्तार कर मांधाता थाना ले जाया गया, जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

बगैर अनुमति फाइलें उठाकर देखने वाले पर शासकीय कार्य में बांधा का केस

खंडवा. तहसील कार्यालय में पहुंचकर शासकीय फाइलों को बगैर अनुमति उठाकर पढऩे और कर्मचारियों द्वारा मना करने पर फाइलों को फेंकने वाले के खिलाफ शुक्रवार रात कोतवाली थाने में नायब तहसीलदार न्यायालय की रीडर ने शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने नमन के खिलाफ शासकीय कार्य में बांधा का प्रकरण दर्ज किया है। शिकायतकर्ता रीडर मंजूषा श्रीवास्तव निवासी किशोर नगर ने बताया मैं तहसील कार्यालय के न्यायालय नायब तहसीलदार खंडवा में वाचक पद पर पदस्थ हूं। नमनगोपाल अग्रवाल निवासी खारीबावड़ी मालीकुआं खुद को आरटीआई कार्यकर्ता बताता है और कार्यालय में कई प्रकार की आरटीआइ भी लगाता है। उन्होंने बताया नमन कभी भी कार्यालय में आ जाता है और बगैर अनुमति के शासकीय फाइलों को उठाकर देखने लगता है। मना करने पर वह कई बार फाइलों को फेंक देता है। साथ ही हमारी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करने की धमकी देता है। उसकी हरकतों से परेशान होकर सभी कर्मचारियों के साथ पहुंचकर कलेक्टर व एसपी से शिकायत की है। इसी बीच शुक्रवार को नमन फिर कार्यालय आया और टेबल पर रखी फाइल उठाकर देखने लगा। उसे मना किया और फाइल लेने हाथ बढ़ाया तो उसने हाथ पकड़कर झटक दिया। वहीं फाइलें फेंककर कार्यालय से बाहर चला गया। लगातार उसकी हरकतों से परेशान होकर थाने में शिकायत की है। रीडर मंजूषा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नमनगोपाल अग्रवाल के खिलाफ धारा 353, 186 और 509 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

Updated on:
16 Nov 2019 01:01 am
Published on:
16 Nov 2019 07:03 am