
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 18-19 जून को ओंकारेश्वर दौरा रहेगा। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू इस दौरान तीर्थनगरी में करीब 22 घंटे बिताएंगी। राष्ट्रपति 18 जून दोपहर 1.30 बजे हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर पहुंचेंगी तथा एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी।
राष्ट्रपति ओंकारेश्वर में शाम 6.20 बजे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर/ममलेश्वर मंदिर में दर्शन व आरती कर रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में करेंगी। अगले दिन वें प्रात: 10 बजे सिकलसेल के कार्यक्रम में शामिल होंगी और प्रात: 11.30 बजे हेलीकॉप्टर से इंदौर के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को ज्योतिर्लिंग पूजन कराने की जिम्मेदारी प्रशासन ने मंदिर के पूजारी पं. डंकेश्वर दीक्षित को सौंपी है। राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए हेलीपेड से एनएचडीसी गेस्ट हाउस तक और गेस्ट हाउस से मंदिर तक मार्ग को बंद किया जाएगा। ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में 18 जून को दोपहर 3 बजे बाद आम और वीआइपी दर्शन बंद कर दिए जाएंगे। प्रशासन ने 18 जून को वीआइपी टिकट बुकिंग पर भी रोक लगा दी है।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मंगलवार कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी अगम जैन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर, एसपी ने मंदिर में अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी। इसके आदेश भी जारी किए गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ओंकारेश्वर दौरा होने से संपूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र एवं कोठी हेलीपेड के आसपास 2 किमी क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋषव गुप्ता ने ड्रोन नियम 2021 के तहत 17 से 19 जून तक संपूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र एवं कोठी हेलीपेड के आसपास के 2 किमी क्षेत्र को "नो ड्रोन क्षेत्र" क्षेत्र घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता ने बताया कि यह आदेश जिले के संपूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र में प्रभावशील रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश पुलिस विभाग पर लागू नहीं होगा।
राष्ट्रपति के ओंकारेश्वर दौरे पर सिकलसेल कार्यक्रम में सुरक्षा की वजह से कई तरह की वस्तुएं लाने या उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। कार्यक्रम में जाने वालों को सिक्के, पेन जैसी कोई भी फेंकी जा सकने वाली वस्तु, चाकू, छुरी, ब्लेड जैसी कोई भी धारदार वस्तु, पानी की बोतलें या पाऊच, लाईटर, माचिस, पटाखे जैसे किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ लेकर आने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा लाठी, डंडा, छाता तथा अन्य किसी भी प्रकार के औजार एवं हथियार, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थ, मोबाईल फोन को छोडकऱ अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री, बैग, झोला या कोई ढका हुआ सामान एवं कीमती सामग्री कार्यक्रम स्थल पर ना लाएं।