
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आगामी 18 और 19 जून को खंडवा के ओंकारेश्वर आएंगीं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई दिशा की बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने उपस्थित सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी।
कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 18 जून दोपहर को ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। यहां वें एनएचडीसी रेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। शाम को वें ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए पहुंचेंगी। रात्रि विश्राम एनएचडीसी के रेस्ट हाउस में होगा। अगले दिन 19 जून की सुबह वें विश्व सिकलसेल दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम में मप्र के राज्यपाल मंगू भाई पटेल भी उपस्थित रहेंगे। हालांकि मप्र के राज्यपाल का अधिकृत दौरा कार्यक्रम अब तक नहीं आया है।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति "दिशा" की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की समक्षा के दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था को लेकर सवाल किया। पीएचई अधिकारी ने जानकारी दी कि हमारी सारी पाइप लाइन ठीक चल रही है। इस पर सांसद पाटिल भडक़ उठे और कहा कि दो माह से डुल्हार में पाइप लाइन फूटी पड़ी है, उसका जिम्मेदार कौन है।
डुल्हार में पीडब्ल्यूडी ने सडक़ के लिए खुदाई के दौरान पेयजल लाइन तोड़ दी है, जिसका सुधार अब तक नहीं हुआ है। सांसद ने दिशा की बैठक में ये सवाल उठाया था। सांसद ने पीएचई को पेयजल योजनाओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा सडक़ खुदाई पर तुरंत मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और अर्थदंड लगाने को कहा। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि सभी ठेकेदारों की दो-दो योजनाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराया गया है। सांसद कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि नागरिक इनका लाभ उठा सकें।
पाटिल ने उप संचालक कृषि नीतेश यादव को किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उर्वरक वितरण के ई-टोकन सिस्टम का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव-गांव में चौपाल लगाकर ई-टोकन के लिए पंजीयन प्रक्रिया समझाने को कहा। बैठक में विधायक पंधाना छाया मोरे, मांधाता नारायण पटेल, जिपं अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, डीएफओ राकेश डामोर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में विधायक कंचन तनवे और महापौर अमृता अमर यादव अनुपस्थित रहीं। विधायक प्रतिनिधि के रूप में राजपालसिंह चौहान और महापौर प्रतिनिधि के रूप में वरुण बावरे विक्की बैठक में शामिल हुए। विधायक प्रतिनिधि ने विधायक द्वारा निगमायुक्त से संजय नगर जैन कुएं के जीर्णोद्धार की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं होने और शिवाजी चौक प्राचीन बावड़ी के जीर्णोद्धार नहीं होने की बात रखी। वहीं, महापौर प्रतिनिधि विक्की बावरे ने शहर में चल रहे अवैध शराब के आहतों को बंद करने, शहर में पीडब्ल्यूडी की जीर्णशीर्ण सडक़ों के निर्माण और तीन पुलिया ओवर ब्रिज बनने तक इसके एप्रोच रोड को ठीक कराने की मांग रखी।