खंडवा

राष्ट्रपति का ओंकारेश्वर दौरा… सुरक्षा बलों ने की रिहर्सल, दो बार सेना का हेलीकॉप्टर भी उतरा, ट्रैफिक भी रोका

-आए आएंगी राष्ट्रप्रति द्रोपदी मुर्मू, शाम को करेंगी ज्योतिर्लिंग दर्शन-पूजन -दिन भर रहेगा वीआइपी मूवमेंट, ट्रैफिक भी रुकेगा, दर्शन भी बंद होंगे -दोपहर से लेकर रात 8 बजे तक नहीं कर पाएंगे ज्योतिर्लिंग दर्शन

2 min read
Jun 18, 2026
President Droupadi Murmu
ओंकारेश्वर. राष्ट्रपति के कारकेड को लेकर रिहर्सल के दौरान रोका गया यातायात।

भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आज खंडवा के ओंकारेश्वर आएंगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पेशल फोर्स, अद्र्ध सैनिक बलों और स्थानीय पुलिस की तैनाती एक दिन पहले ही कर दी गई है। सुरक्षा बलों ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर हेलीपेड से लेकर एनएचडीसी गेस्ट हाउस, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर तक रिहर्सल भी की। सेना के हेलीकॉप्टर भी दो बार कोठी हेलीपेड पर उतरे। रिहर्सल के दौरान यातायात भी रोका गया।

निर्धारित मार्ग पर निकाला कारकेड

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के आगमन को लेकर बुधवार को सुरक्षा बलों और प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग पर रिहर्सल कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। निर्धारित मार्ग पर जगह-जगह पुलिस जवान तैनात किए गए, यातायात रोककर कारकेड में शामिल 25 से 30 गाडिय़ों के काफिले के साथ रिहर्सल की। एक घंटे तक कोठी हेलीपेड से एनएचडीसी गेस्ट हाउस, ओंकारेश्वर मंदिर तक यातायात को रोका गया। इस दौरान मोरटक्का और सनावद की ओर से आने वाले वाहनों को भी रोका गया। सेना के हेलीकॉप्टर ने भी सुबह-सुबह दो बार कोठी हेलीपेड पर लैंडिंग का अभ्यास किया। हेलीकॉप्टर ने काफी नीचे से उड़ान भरी, जिसे देखने लोग घरों की छतों पर आकर खउ़े हो गए।

watch video

राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आने की भी संभावना

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का ओंकारेश्वर में दो दिवसीय दौरा है। इस दौरान राष्ट्रपति ओंकारेश्वर में 22 घंटे का समय बिताएंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर गुरुवार और शुक्रवार दिनभर वीआइपी मूवमेंट रहेगा। मप्र के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भी गुरुवार को सुबह ओंकारेश्वर पहुंचने की संभावना है। जिसके चलते भी ट्रैफिक को रोका जाएगा। राष्ट्रपति दोपहर 1.30 बजे हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। वहीं, शाम 6.20 बजे राष्ट्रपति ओंकारेश्वर/ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए मंदिर पहुंचेंगी।

आज ज्योतिर्लिंग दर्शन करना मुश्किल

राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के गुरुवार को ओंकारेश्वर में होने से दिनभर अधिकारियों का भी जमावड़ा रहेगा। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए प्रेसिडेंट बॉडीगार्ड सहित अद्र्ध सैनिक बल, पुलिस बल की चप्पे-चप्पे पर तैनाती रहेगी। यहां करीब 2600 सुरक्षाकर्मी लगेंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी बड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जिसके चलते दिनभर वीआइपी मूवमेंट होने से दर्शनार्थियों को परेशानी हो सकती है। दिन में कई बार ट्रैफिक भी रोका जाएगा। राष्ट्रपति के मंदिर में दर्शन से 3 घंटे पूर्व ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन भी रोक दिए जाएंगे।

19 को राज्य स्तरीय सिकलसेल का कार्यक्रम

विश्व सिकलसेल दिवस पर शुक्रवार 19 जून को राज्य स्तरीय सिकलसेल का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने कोठी के पास थापना में कार्यक्रम की तैयारी की है। यहां राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू सुबह 10 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगी और यहां प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगी। इसके बाद कार्यक्रम में राष्ट्रपति का भी संबोधन होगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष यह आयोजन बड़वानी में किया गया था, लेकिन अत्यधिक वर्षा के कारण राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए थे, सिर्फ राज्यपाल मंगूभाई पटेल ही कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राष्ट्रपति ने वर्चुअल संबोधित किया था।

Published on:
18 Jun 2026 12:00 pm