खंडवा

थाली में जहर… रतलाम से 400 किलो मावा 10 घंटे के सफर में पहुंचा खंडवा, रास्ते में कहीं जांच नहीं

-बस स्टैंड पर कार्रवाई हुई तो कारोबारियों ने बदला मावा डंप करने का ठिकाना -इंदौर रोड पर प्रमोद जैन के पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में मिली मावे की टोकरियां -हिंदू संगठन के कार्यकर्ता ने दी सूचना, खाद्य विभाग ने सैंपल लेकर छोड़ा मावा
3 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 11:40 AM IST
Ratlam Mawa Supply
खंडवा. इस तरह से खुले में लावारिस पड़ी थी मावे की खेप।

रतलाम से 271 किमी दूर 400 किलो मावा खंडवा तक बेरोकटोक आ रहा है। इसका खुलासा बुधवार को बस चालक द्वारा खुले में मावा फेंककर जाने के बाद हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि 271 किमी की दूरी में कहीं भी बस की खाद्य विभाग या परिवहन विभाग सहित पुलिस ने भी चेकिंग नहीं की जा रही है। जिसके कारण खंडवा में मावे का खेल चल रहा है। इससे पहले दिवाली से ठीक पहले 1 नवंबर को भी रतलाम से व्हाया खरगोन होते हुए 5 क्विंटल मावा खंडवा पहुंचा था।

15 टोकरियों में था 400 किलो मावा

बुधवार को हिंदू संगठन कार्यकर्ता रवि आव्हाड़ सुबह रोज की तरह मंदिर जा रहे थे। इस दौरान इंदौर रोड किशोर समाधि के सामने प्रमोद जैन के पेट्रोल पंप के पास मिट्टी के ढेर पर करीब 15 गठरियां दिखी। पास जाकर देखा तो मावे की खुशबू आ रही थी। नकली मावा होने की आशंका में फेंककर जाने की संभावना को देखते हुए रवि आव्हाड़ ने तुरंत ही इसकी सूचना खाद्य एवं औषधि विभाग, एसडीएम, पदम नगर थाना, नगर निगम को दी। मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले मौके पर पहुंचे और जांच की। टोकरियों में 25-25 किलो के मान से 400 किलो मावा होना पाया गया।

व्यापारियों ने बस से बुलवाया था मावा

मावे की सूचना पर लालाजी मावा के सावन जायसवाल और गुप्ताश्री मावा के संतोष गुप्ता भी पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि मावा रतलाम से बस के माध्यम से खंडवा बुलवाया था। दुकान के नौकर और हम्माल को मावा लेने भेजा था, लेकिन उनके देरी से पहुंचने के कारण बस चालक मावा पेट्रोल पंप के पास उतारकर चला गया। दोनों करीब 350 किलो मावा को अपना बताया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर चलित लैब बुलाकर जांच कराई और मावा मानक मिलने पर व्यापारियों को सौंप दिया। वहीं, 50 किलो मावे का कोई दावेदार नहीं होने से उसे नष्ट कराया गया।

पहले भी हुई थी कार्रवाई, बदला ठिकाना

एक नवंबर को पुराने बस स्टैंड पर बस से मावा आने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की थी। तब भी लालाजी मावा भंडार सहित अन्य लोगों का मावा पाया गया था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी थी कि बिना कोल्ड स्टोरेज वाहन के बस से मावा न बुलाया जाए, नहीं तो कार्रवाई होगी। व्यापारियों ने मावा बुलवाना तो नहीं छोड़ा, बस मावा उतारने का ठिकाना बदल दिया। रोजाना शहर में करीब 4 से 5 क्विंटल मावा रतलाम से आ रहा है। अब बस स्टैंड के बजाय इंदौर रोड पर पेट्रोल पंप के पास उतर रहा है।

हमारी मिठाई में जहर तो नहीं?

रतलाम से खंडवा तक बस का सफर करीब 10 घंटे का है। मावा अधिकतम 6 से 8 घंटे खुले में सुरक्षित रहता है, इसके बाद बिना कोल्ड स्टोरेज के रखने पर खराब होना शुरू हो जाता है। बस में मावा 10 घंटे का सफर वह भी बस की डिक्की में गर्मी में मावा कितना सुरक्षित खंडवा पहुंच रहा है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। सूत्रों की माने तो व्यापारी मावा को लंबे समय तक संरक्षित करने के लिए कोई न कोई कैमिकल जरूर मिला रहे है। क्योंकि मावा खंडवा पहुंचने के बाद एकदम से नहीं बिकता है, मिठाई बनाने में भी समय लगता है।

हिंदू संगठन कार्यकर्ता ने उठाए सवाल

पूरे मामले में घटना की सूचना देने वाले आरएसएस कार्यकर्ता रवि आव्हाड़ ने कार्रवाई पर भी सवाल उठाया है। रवि आव्हाड़ का कहना था कि नॉन एसी बस में मावा खंडवा तक आने में खराब नहीं होगा, इसकी क्या गारंटी है। व्यापारी क्यों लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं? मावा जिस तरह कचरे में फेंका गया था, वह अब दुकानों पर बिकेगा, इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा होगा। इस मामले में उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।

थ्री लेयर में पैकिंग थी, लिए है सैंपल

रतलाम का मावा बेहद अच्छी क्वालिटी का होता है, जो लंबे समय तक खराब नहीं होता। लावारिस मिले मावे के पैकिंग भी थ्री लेयर में थी। त्वरित जांच में मानक पाए जाने पर मावा व्यापारियों को सौंप दिया है। मावे के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे है। कुछ मावा नष्ट कराया गया है।
राधेश्याम गोले, खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Updated on:
12 Nov 2026, 11:40 AM IST
Published on: