खंडवा

श्री दादाजी धाम… मकराना से 10 टन वजनी संगमरमर का पहला नक्काशीदार पिलर 9 भाग में तैयार, खंडवा लाने की तैयारी

-तीन अन्य वेंडरों को 15 जुलाई तक पिलर तैयार करने के निर्देश -मकराना में वेंडर कर पिलरों के पत्थरों पर नक्काशी का काम, एक का पूरा -अब पांच सदस्यीय समिति जाएगी मकराना, वेंडर तय कर लाएंगे
2 min read
Jul 12, 2026
Shri Dadaji Dham
खंडवा. मकराना में तैयार पिलरों को देखते समिति सदस्य।

श्री दादाजी धाम में मॉर्बल के 84 खंभों से बनने वाले नए मंदिर का पहला पिलर मकराना की एक फर्म के कारीगरों द्वारा तैयार कर लिया गया है। लगभग 10 टन वजनी इस पिलर के 9 भाग है, जिस पर कारीगरों ने नक्काशी की है। अगले दो-तीन दिन में संगमरमर का नक्काशीदार पिलर खंडवा पहुंच जाएगा। शेष तीन वेंडरों द्वारा भी एक-एक पिलर पर नक्काशी का काम किया जा रहा है, जिन्हें 15 जुलाई तक समय दिया गया है। सभी पिलर के सैंपल चेक करने के बाद 5 सदस्यीय समिति मकराना जाकर वेंडर तय करेगी।

समिति सदस्यों ने लिया जायजा

श्री दादाजी मंदिर निर्माण समिति की ओर से पिलरों के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए सदस्य गणेश कानडे और हिमांशु अग्रवाल को मकराना भेजा गया है। उनके साथ पुष्पदीप जायसवाल भी मौजूद रहे। समिति सदस्यों ने शुक्रवार सुबह पांच वेंडरों की वर्कशॉप का दौरा कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। यहां वेंडर रमजान द्वारा मकराना डेढ़ नंबर मॉर्बल से 9 भागों में नक्काशीदार पिलर तैयार कर लिया गया है। समिति सदस्यो द्वारा तैयार पिलर को शीघ्र खंडवा रवाना करने के लिए कहा गया। पिलर को ट्राले की मदद से खंडवा लाया जाएगा।

तीन वेंडरों का भी चल रहा काम

इसके पूर्व सांसद और कलेक्टर की अध्यक्षता में टीम मकराना पहुंची थी। यहां पांच वेंडरों को शार्ट आउट कर एक-एक पिलर पर नक्काशी करने के लिए कहा गया था। शुक्रवार को निरीक्षण करने पहुंचे समिति सदस्यों का इसमें से जावेद की इंटरनेशनल हैंडीक्राफ्ट मार्बल वर्कशॉप में पिलर के नौ में से चार हिस्से तैयार मिले, जबकि शेष पांच भागों पर काम जारी था। वहीं राणा मार्बल में छह हिस्से तैयार पाए गए। अशफाक मार्बल में भी छह हिस्से तैयार हो चुके हैं और उन पर नक्काशी का कार्य चल रहा है। वहीं कय्यूम भाटी ने अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। समिति ने इन तीनों वेंडरों को 15 जुलाई तक पिलर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

दर्शन के लिए रखे जाएंगे दादाजी धाम में

पिलर निर्माण में तेजी आने से मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों में उत्साह है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव सहित समिति के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से कार्य गति पकड़ रहा है। मकराना में मौजूद समिति सदस्य गणेश कानडे से सांसद, विधायक और कलेक्टर ने भी चर्चा कर निर्माण की जानकारी ली तथा तैयार पिलर को जल्द से जल्द खंडवा पहुंचाने के निर्देश दिए। इन पिलरों को दादाजी धाम में दर्शन के लिए रखा जाएगा।

Updated on:
12 Jul 2026 11:49 am
Published on:
12 Jul 2026 11:49 am