
Abhishek Banerjee House Attack: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमले के दावे ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर निशाना साधा है। उन्होंने बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर दी। सुधाकर सिंह का आरोप है कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और वहां आम लोगों की जान-माल भी सुरक्षित नहीं है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान सुधाकर सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अचानक गुंडे सत्ता में आ गए हैं। जब ऐसे लोगों के हाथ में सत्ता होगी तो राज्य में गुंडागर्दी बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और TMC के कई नेताओं पर भी हमले हुए हैं। विपक्षी दलों के नेताओं को भी निशाना बनाया जा रहा है।
RJD सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस तरह के हालात बन रहे हैं, वे चिंता का विषय हैं। वहां लोगों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा हालात में इस जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुधाकर सिंह ने सुवेंदु अधिकारी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब राज्य सरकार कानून-व्यवस्था ही नहीं संभाल पा रही है तो वहां सरकार चलाने का क्या मतलब है? उन्होंने केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार का पहला काम लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा करना है। अगर राज्य में यही जिम्मेदारी पूरी नहीं हो पा रही है तो वहां के हालात पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
RJD सांसद ने चेतावनी दी कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश जारी रही तो इसका विरोध भी होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुप नहीं बैठेंगे और अपनी लड़ाई दिल्ली तक लेकर जाएंगे।
अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमले के दावे के बाद अब यह मामला बंगाल की कानून-व्यवस्था और राष्ट्रपति शासन की मांग तक पहुंच गया है। सुधाकर सिंह के बयान ने सुवेंदु अधिकारी सरकार के खिलाफ विपक्ष को एक और मुद्दा दे दिया है।