कोलकाता

पश्चिम बंगाल: घर से निकले 28.5 करोड़ और 15 किलो सोना, अलमारियों में छिपा था खजाना, डकैती जांच में खुला राज

West Bengal cash seized Case Update: कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में फरार पत्थर व्यापारी टुल्लू मंडल के प्रबंधक और करीबी रिश्तेदार मीनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके घर से 28.5 करोड़ रुपए नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया।
3 min read
Jul 31, 2026
cash seized in kolkata
West Bengal cash seized Case Update (फोटो-वीडियो का स्क्रीनशॉट X @SuvenduWB)

West Bengal cash seized Case Update : कोलकाता। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में फरार पत्थर व्यापारी टुल्लू मंडल के प्रबंधक और करीबी रिश्तेदार मीनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद मीनार के मकान को सील कर दिया गया। इससे पहले पुलिस ने रातभर चले तलाशी अभियान के दौरान उसके घर से 28.5 करोड़ रुपए नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया। हाल के वर्षों में कथित तौर पर अर्जित अवैध संपत्ति की यह राज्य की सबसे बड़ी जब्तियों में से एक मानी जा रही है।

अलमारियों में छिपाकर रखा था सोना और नकदी

बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक चले इस अभियान में पुलिस और केंद्रीय बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा था। तलाशी के दौरान घर से छह ट्रंक और दो अलमारियां बरामद हुईं, जिनमें नकदी और सोना छिपाकर रखा गया था। जब्त सामग्री को पुलिस वैन और मालवाहक वाहनों के जरिए सिउड़ी ट्रेजरी भेजा गया।

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक वी. आर. भुंदेश ने बताया कि 28.5 करोड़ रुपए नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। इस बीच, पुलिस केंद्रीय बलों के साथ टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के आवास पर भी पहुंची, जहां तलाशी अभियान चलाया जाना प्रस्तावित है। परिसर के बाहर केंद्रीय बल तैनात हैं, जबकि पुलिसकर्मियों की टीम ने मकान के अंदर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार, मीनार मंडल और उसके बेटे से उन संभावित ठिकानों के बारे में पूछताछ की जा रही है, जहां नकदी छिपाई जा सकती है।

पुलिस के मुताबिक, टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन बीरभूम में पत्थर खनन और कंक्रीट निर्माण के कारोबार में प्रभावशाली माना जाता है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से वह फरार है। इस बीच, राज्य के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने उसे रेत माफिया करार दिया है।

बरामद धन और सोने के स्रोत पर चुप्पी

पुलिस के अनुसार, देउचा गांव स्थित मीनार मंडल के दो मंजिला मकान से एक-एक किलोग्राम वजन की सोने की 14 छड़ें और 100-100 ग्राम के 10 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए हैं। मौजूदा बाजार मूल्य के अनुसार, इस सोने की कीमत लगभग 21.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। छापेमारी के दौरान मीनार को उसके बेटे के साथ हिरासत में लिया गया था और गुरुवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर सिउड़ी अदालत में पेश करने की तैयारी की गई।

गिरफ्तारी के समय पुलिस ने मीनार मंडल से बरामद नकदी और सोने के स्रोत के बारे में पूछताछ की, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। दूसरी ओर, उसके बेटे ने दावा किया कि उसे घर में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना रखे होने की जानकारी नहीं थी। हालांकि, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान मीनार मंडल ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी और सोना कथित तौर पर टुल्लू मंडल के आपराधिक नेटवर्क से संबंधित है। मीनार की पत्नी ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि यह धन उनका नहीं है और संभवतः टुल्लू मंडल का हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले एक वर्ष से यह पैसा उनके घर में रखा जा रहा था।

डकैती मामले की जांच से मिला सुराग

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को एक डकैती प्रकरण की जांच के दौरान हुआ। मोहम्मदबाजार थाना पुलिस ने सात आरोपियों अर्जुन लोहार, शेख गियासुद्दीन, शेख फरजुद्दीन, पुलक साहा, शेख फिरोज अहमद, अभिनव भाटसा और रविकुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में एक आरोपी ने खुलासा किया कि देउचा स्थित मीनार मंडल के घर में भारी मात्रा में संपत्ति रखी गई है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया। फिलहाल पुलिस बरामद धन और सोने के स्रोत, स्वामित्व और संभावित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Updated on:
31 Jul 2026 11:30 am
Published on:
31 Jul 2026 11:30 am