30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पश्चिम बंगाल: बस चालक के घर से 15 किलो सोना और 20 करोड़ नकदी जब्त, गिनने के लिए लाई गईं 5 मशीनें

West Bengal Sand Mafia Raid : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध बालू माफिया के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 15 किलो सोना और 20 करोड़ रुपए नकद जब्त किए हैं। खुफिया जानकारी के आधार पर मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के मीनार मंडल के मकान में यह छापेमारी की गई।
2 min read
Google source verification
Bengal Bus Driver House

West Bengal sand mafia raid (Photo-XSuvenduWB)

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध बालू माफिया के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 15 किलो सोना और 20 करोड़ रुपए नकद जब्त किए हैं। खुफिया जानकारी के आधार पर मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के मीनार मंडल के मकान में यह छापेमारी की गई। मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक था,लेकिन बाद में वह नौकरी छोड़कर तुलु मंडल के कारोबारी नेटवर्क से जुड़ गया। इतनी बड़ी रकम की बरामदगी से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। हाल के दिनों में राज्य में यह सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब्त की गई कुल राशि सहित अन्य विवरण संकलित किए जा रहे हैं।

मीनार मंडल स्थानीय पत्थर कारोबारी तुलु मंडल का रिश्तेदार और करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। जिले के पत्थर कारोबार में प्रभावशाली माने जाने वाले तुलु मंडल को तृणमूल नेता अनुव्रत मंडल के पूर्व करीबी सहयोगी सैगल हुसैन का विश्वासपात्र माना जाता है। इससे पहले मवेशी और खनिज तस्करी से जुड़े मामलों में केंद्रीय जांच एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर चुकी हैं।

सरकारी नौकरी छोड़ कारोबारी नेटवर्क से जुड़ा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक था, लेकिन बाद में वह नौकरी छोड़कर तुलु मंडल के कारोबारी नेटवर्क से जुड़ गया और स्थानीय व्यापारिक मार्गों से जुड़े प्रमुख संचालन की जिम्मेदारी संभालने लगा। टुलू मंडल का नाम पहले भी अवैध पत्थर खनन और कथित मवेशी तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उनके आवास और कार्यालयों पर छापेमारी की थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ताजा बरामदगी का टुलू मंडल से प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं।

बरामद संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल

पुलिस ने देउचा बस स्टैंड के पास स्थित मीनार मंडल के आलीशान मकान में तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार, घर के भीतर बड़ी मात्रा में नकदी नोटों के बंडल के रूप में रखी मिली। रकम की गिनती के लिए नोट गिनने वाली पांच मशीनें मंगाई गईं, जबकि नकदी को सुरक्षित ले जाने के लिए बड़े ट्रंक भी मौके पर पहुंचाए गए। इसके अलावा 15 किलोग्राम सोना मिला।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि या सटीक आंकड़ा जारी नहीं किया है। पुलिस ने बताया कि नकदी की गिनती अभी जारी है, इसलिए बरामद राशि में वृद्धि संभव है और बरामद संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने जांच के आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल शुरू कर दी है।

किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा: सीएम

इस कार्रवाई की सराहना करते हुए राज्य सरकार की ओर से पश्चिम बंगाल पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), बीरभूम पुलिस अधीक्षक (एसपी) तथा अभियान में शामिल जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मियों की त्वरित, पेशेवर और निर्णायक कार्रवाई की प्रशंसा की गई। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर ट्वीट कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।

सार्वजनिक संसाधनों के दोहन और अवैध तरीकों से संपत्ति अर्जित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोहराया कि जनता की संपत्ति पर केवल जनता का अधिकार है और उसे लूटने वालों को कानून की पूरी शक्ति का सामना करना होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में माफिया सिंडिकेट्स के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उधर, भारतीय जनता पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि बरामद धन भ्रष्टाचार से जुड़ा है तो उसे जब्त कर जनहित के कार्यों में उपयोग किया जाना चाहिए।