
केशकाल। Bhangaram Devi's court : प्रतिवर्ष भादों मास में केशकाल तेलीन सती मांई मंदिर के समीप व टाटामारी पर्यटन मार्ग में स्थित भंगाराम देवी दरबार पर लगने वाला देवी देवताओं का अदालत शनिवार को लगेगा। जिसमें नौ परगना के देवी देवताओं के वर्ष भर के कार्यों का लेखा जोखा होगा।
साथ ही ठीक ढंग से कार्य न करने वाले देवताओं को भंगाराम माई सजा भी सुनाएंगी। जिसकी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। कुछ ही देर में देवी देवता भंगाराम माई के दरबार मे पहुंचेंगे।
बता दें कि जातरा के पहले छः शनिवार को सेवा (विशेष पूजा) की जाती है और शनिवार को जातरा का आयोजन होता है। इस जातरा के दिवस क्षेत्र के नौ परगना के देवी देवता के अलावा पुजारी, सिरहा, गुनिया, मांझी, गायता मुख्या भी बड़ी संख्या में शामिल होते है । यह मेला शनिवार के दिन ही लगता है, क्षेत्र के विभिन्न देवी देवताओं का भंगाराम मांई के दरबार में अपनी हाजरी देना अनिवार्य होता है। जात्रा के दिन भंगाराम मांई के दरबार पर महिलाओं का आना प्रतिबंधित होता है।
सभी देवी देवताओं को फुल पान सुपारी मुर्गा बकरा बकरी देकर प्रसन्न किया जाता है वहीं भंगाराम मांई के मान्यता मिले बिना किसी भी नये देव की पूजा का प्रावधान नहीं है। देवी देवताओं के मेला में क्षेत्र व दूरदराज के लोग भी काफी संख्या में उपस्थित होते है।