
CG News: कोण्डागांव जिले के तीरंदाजों ने राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आयोजित सीनियर स्टेट ओपन आर्चरी प्रतियोगिता में आईटीबीपी द्वारा प्रशिक्षित सुशीला नेताम ने 50 और 30 मीटर इंडियन राउंड गर्ल्स स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीते।
उनकी इस सफलता ने उन्हें जमशेदपुर में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्थान दिलाया। इसी दिन फर्सागुड़ा में आयोजित बस्तर जोन की बनवासी राज्य तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी कोण्डागांव के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। आईटीबीपी के प्रशिक्षु करण कोराम ने स्वर्ण पदक, जय किशन सोरी ने रजत पदक, और दिपेश हिडको ने कांस्य पदक जीते।
इसके अलावा, पूर्णिमा मंडावी ने 30 मीटर इंडियन राउंड में और दीकेहवारी उसेंडी ने 20 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। जिले की पांच बालिकाओं ने राष्ट्रीय बनवासी तीरंदाजी प्रतियोगिता (दिसंबर, रायपुर) के लिए चयनित होकर जिले को गौरवान्वित किया है।
CG News: क्षेत्रीय मुख्यालय (भुवनेश्वर) के डीआईजी राणा युद्धवीर सिंह ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। 2016 से आईटीबीपी द्वारा जिले के बच्चों को तीरंदाजी, जूडो और हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षुओं ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बनाई है।