Keshkal Road: अब आमजन सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक जिम्मेदार विभाग इस जानलेवा सड़क को भगवान भरोसे छोड़ते रहेंगे।
Keshkal Road: राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल नगर सीमा के भीतर सड़क की हालत बद से बद्तर हो चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों और धंसी हुई परतों ने इस मार्ग को जानलेवा बना दिया है। स्थिति यह है कि महज ढाई किलोमीटर सड़क पार करने में वाहनों को आधे घंटे तक का समय लगने लगा है।
सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने गड्ढों की भराई-पटाई करने के बजाय आसपास की खुदाई कर समतल करने का अजीब तरीका अपनाया। लेकिन इस प्रयास से भी लोगों को किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। नगर सीमा के भीतर घाट की ओर लगभग आधा किलोमीटर सड़क को छोड़ बाकी ढाई किलोमीटर सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। जगह-जगह धंसी सतह और विशाल गड्ढों के कारण चारपहिया वाहन निकालना भी कठिन हो गया है।
Keshkal Road: सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है। अनुमान से बड़े गड्ढों में पहिया फंसने से बाइक और स्कूटी सवार आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वहीं, चारपहिया वाहनों में टूट-फूट और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई बसों और ट्रकों के पलटने की नौबत आ चुकी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की हालत पर शासन-प्रशासन और विभाग पूरी तरह आंख मूंदे हुए हैं। लोग मजबूरी में गड्ढों से भरी इस सड़क से गुजरते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। अब आमजन सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक जिम्मेदार विभाग इस जानलेवा सड़क को भगवान भरोसे छोड़ते रहेंगे।