टेस्ट से लेकर कई चरण की प्रक्रिया के बाद जारी किया गया आदेश
कोरबा . एसईसीएल प्रबंधन ने विभिन्न श्रेणियों में कार्यरत ५५६ कर्मचारियों को क्लर्क ग्रेड तीन पद के लिए चयनित करने के साथ ही ट्रांसफर कर दिए गए हैं। इन्हें दस दिन के भीतर अपने कार्यस्थल पर ज्वाइनिंग देनी है। यह आदेश सीनियर मैनेजर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर से जारी किए गए हैं।
कई टेस्ट में पास होने के बाद अंतिम रूप से चयनित होने पर एसईसीएल मुख्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। इन कर्मचारियों को क्लर्क ग्रेड तीन के लिए चयनित किया गया है। इसके पहले सलेक्शन कमेटी ने इन सभी कर्मचारियों की सेवा सहित पदोन्नति के लिए टेस्ट आदि से जरूरी अर्हतओं का परीक्षण किया था। समिति की संस्तुतियों के आधार पर प्रबंधन ने इन कर्मचारियों को क्लर्क गे्रड तीन के पद के लिए उपयुक्त पाते हुए इनका चयन किया है। चयन के फैसले के बाद इन्हें अपने मूल पद से इतर काम करना होगा,क्योंकि इनमें कई कर्मचारी ड्राइवर से लेकर फिटर सहित अन्य कार्यों को करते थे लेकिन अब उन्हें नए काम की जिम्मेदारी संभालनी होगी। नए पद पर छह माह तक प्रोबेशन पीरियड के रूप में व्यतीत करने होंगे। इन कर्मचारियों में कोरबा,कुसमुंडा,दीपका-गेवरा, विश्रामपुर, सोहागपुर, भटगांव, बैकुंठपुर, हसदेव व जोहिला आदि में कार्यरत हैं। हसदेव से व कोरबा से कुछ कर्मियों को गेवरा भेजा गया है। हालांकि ट्रांसफर में अधिकांश कर्मचारियों का क्षेत्र नहीं बदला गया है और वे अपने पुराने कार्यालय में ही रहेंगे
लेकिन पदनाम बदलने के कारण उनके कार्यों की प्रकृति में जरूर परिवर्तन किया गया है।
चयनित कई कर्मचारी ऐसे हैं,जिनका बेसिक अभी ज्यादा है जबकि क्लर्क ग्रेड तीन का बेसिक कम है। इसलिए आने वाले दिनों में इनका सेलरी प्रोटेक्शन का भी मामला उठेगा। हालांकि पूर्व में भी एसईसीएल प्रबंधन कर्मचारी हितों का ख्याल रखते हुए सैलेरी प्रोटेक्शन कर चुका है। इसका लाभ कंपनी के कई कर्मचारियों को मिला है। इससे उनकी सैलेरी में भी वृद्धि हुई है।