- ताला लगाकर बाहर बैठे सदस्यों ने आरोप लगाया कि अफसरों की लेटलतीफी से पूरा जनपद कायालय परेशान है।
कोरबा/कटघोरा. जनपद पंचायत कटघोरा कार्यालय मेें बुधवार को सामान्य सभा की बैठक हंगामे व विवाद की भेंट चढ़ गयी। बैठक के ठीक पहले सभी अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग में थे। आधा घंटा विलंब जनपद पंचायत की अध्यक्ष व सदस्यों को नागवार गुजरा। गुस्साए सदस्योंं ने कार्यालय के बाहर ताला लगाकर बैठ गए। बाद में तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ताला खुलवाया गया।
इस मामले में जनपद उपाध्यक्ष रामप्रसाद कोर्राम ने बताया की महत्वपूर्ण बैठकों को लेकर जनपद के अधिकारी अक्सर सदस्यों की अनदेखी करते हंै। बुधवार को दोपहर एक से दो बजे के बीच कार्यालय में सामान्य सभा की बैठक आहूत की गयी थी। जिसे लेकर जनपद के लगभग सभी सदस्य कार्यालय पहुंच गए थे, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी अधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। ताला लगाकर बाहर बैठे सदस्यों ने आरोप लगाया कि अफसरों की लेटलतीफी से पूरा जनपद कायालय परेशान है।
इतना ही नहीं बल्कि बैठक के बाद जब सदस्य किसी मामले पर जानकारी मांगते है तो वह भी उन्हें मुहैय्या नहीं कराया जाता। जनपद पंचायत कटघोरा की अध्यक्ष लता कंवर, उपाध्यक्ष रामप्रसाद कोर्राम, सदस्यों में दामोदर राठौर और शत्रुघन राज सहित अन्य शामिल थे। बुधवार की सुबह मुख्यालय स्तर पर सभी जनपद पंचायतों के सीईओ की वीडियो कांफ्रेंसिंग रखी गई थी। जिसे लेकर सभी अधिकारी कार्यालय में बैठे थे।
इधर विलंब होने की वजह से सदस्यों ने हंगामा कर दिया। बाहर काफी देर तक हंगामा करते रहे। सूचना पर कटघोरा तहसीलदार जनपद कार्यालय पहुंचे। जहां सभी सदस्योंं को समझाइश देने के बाद ताला खोला गया। फिर सदस्यों की सीईओ के साथ बैठक हुई। लेकिन फिर भी सदस्यों ने सामान्य सभा करने से इंकार कर दिया।
-बुधवार की सुबह वीडियो कांप्रेसिंग चल रही थी। इस वजह से कुछ देरी हो गई थी। इसके आलावा हर कार्य समय पर कराया जा रहा है। कहीं विलंब नहीं हो रहा है- राजेश थवाईत, सीईओ, जनपद पंचायत कटघोरा