कोरबा

CG Accident: कोरबा में 4 लोगों की मौत.. दो अलग-अलग हादसों में गंवाई जान, नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

CG Accident: कोरबा में एक के बाद एक सामने आए दो हादसों में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही मामलों में भड़के लोगों ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की..
2 min read
Mar 18, 2026
Korba road accident
कोरबा में 4 लोगों की मौत ( Photo - Patrika )

CG Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक के बाद एक दो अलग-अलग हादसों में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना एसईसीएल की कुसमुंडा खदान की हैं, जहां कार्य के दौरान मजदूर की मौत हो गई। हादसे की दूसरी घटना घटना पाली थाना क्षेत्र की है, जहां एक बेकाबू ट्रक के पलटने से बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद भड़के लोगों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं लोगों को समझाइश दी गई।

CG Accident: कर्मचारियों में भारी आक्रोश

एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में कार्य के दौरान मजदूरी की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ठेका कंपनी कलिंगा में कार्यरत मजदूर के रूप में हुई है। घटना के बाद खदान क्षेत्र में काम कर रहे कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा लगातार दबाव बनाकर उनसे जोखिम भरे हालात में काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घटना के विरोध में नाराज कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर हंगामा किया और काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी लंबे समय से हो रही है, लेकिन प्रबंधन इस पर ध्यान नहीं दे रहा।

शवों को निकालने मशीन की लेनी पड़ी मदद

पाली थाना क्षेत्र में सामने आए हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। बता दें कि तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंद दिया, जिसके बाद ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में तीनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी।

तीन युवकों को कुचलते हुए पलट गया ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को कुचलते हुए पलट गया। हादसा अचानक हुआ जिससे युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। वहीं ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला था जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो पोटापानी गांव के रहने वाले थे। वहीं घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे से चक्काजाम कर दिया था। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 1.25-1.25 लाख रुपए मुआवाजे के ऐलान के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया।

Updated on:
18 Mar 2026 04:50 pm
Published on:
18 Mar 2026 04:50 pm