
Chhattisgarh Weather: जिले के मौसम का मिजाज बदल गया है। बदली छटने के साथ ही न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पारा 13.3 डिग्री पर पहुंच गया है। आने वाले दो से तीन दिनों के भीतर तापमान में और कमी आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे ठंड में और इजाफा होगा।
सूर्य की किरण लोगों को सुहावनी लगने लगी है। रविवार को मौसम साफ रहा। सूर्य की किरणें निकली। इससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। जबकि अलसुबह और शाम चार बजे के बाद ठंड लोगाें को परेशान कर रही है। ग्रामीण व वनांचल इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। ठंड से बचने के लिए लोग शाम होते ही घरों में दुबके रहे। अलाव का भी सहारा लेने लगे हैं।
रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र लखनपुर कटघोरा ने 24 घंटे में 16 घंटे से ज्यादा समय तापमान 20 डिग्री के नीचे दर्ज किया है। मध्य रात्रि 13.3 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह साढे़ चार बजे के बाद से दोपहर 12 बजे तक 21 से 24 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव का असर लोगाें के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। शासकीय व निजी अस्पताल के ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है।
इलाज कराने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी व जुकाम से परेशान हैं। चिकित्सकों की ओर से मरीजों को ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही घर से बाहर निकलने पर शॉल, स्वेटर, ग्लब सहित अन्य गरम कपडे़ पहनने को कहा जा रहा है। जिससे शरीर को ठंड नहीं लगे। इसके लिए बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं को स्वास्थ्य को लेकर जरूरी एहतियात बरतने को कहा जा रहा है।
उद्यान और पिकनिक स्पॉट हुए गुलजार
इधर मौसम खुलने के बाद उद्यान और पिकनिक स्पॉट गुलजार होने लगे हैं। सुबह और शाम उद्यानों में लोग घुमने पहुंच रहे है। सतरेंगा, देवपहरी, काफी पाइंट, चकचकवा पहाड़, झोराघाट, रानीझरना सहित अन्य स्थानों पर लोगों की चहल पहल बढ़ गई है।