तीन साल पहले ही सिटी सेंटर मॉल की नींव रखी जा चुकी थी
कोरबा. शहरवासियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। 23 जून को महानगरों की तर्ज पर जिले के पहले मॉल का शुभारंभ होगा। जिसके लिए मॉल के संचालकों ने खास तैयारी कर रखी है। इस संबंध में प्रेसवार्ता आयोजित कर जानकारी दी गई।
ऊर्जाधानी में अब मॉल कल्चर का बोलबाला होगा। पावर हाऊस रोड में तीन साल पहले ही सिटी सेंटर मॉल की नींव रखी जा चुकी थी। तभी से मॉल का निर्माण प्रारंभ कर दिया गया था और अब बनकर तैयार है। केवल कुछ फिनिशिंग टच देना ही बाकी रह गया है। इस संबंध में मॉल के संचालक रामकुमार साहू और उनके सुपुत्र मधुर साहू, मिलन साहू ने प्रेसवार्ता का आयोजन कर मॉल से जुड़ी जानकारी दी।
रामकुमार साहू ने बताया कि मॉल का उद्घाटन समारोह 23 जून को होगा। इस दिन साधु-संतों की मौजूदगी में विशेष पूजा अर्जना के पश्चात कलश यात्रा का आयेाजन किया जाएगा। विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मॉल का शुभारंभ किया जाएगा।
मधुर साहू ने सिटी सेंटर मॉल के के विषय में बताया कि कोरबा जैसे शहर में मॉल को लाना आसान नहीं था। इसके लिए हमने कड़ा संघर्ष किया है। दिन-रात की मेहनत के बाद यह सपना साकार हो सका है। हमारे शहर में भी अब यहां के लोगों के लिए एक सर्वसुविधा युक्त मॉल मिलेगा। मॉल में जितने भी सामान लगे हैंं, यह सभी बाहर से मंगाए गए हैं। इसलिए निर्माण में हमने जितना सोचा था।
उससे ज्यादा समय लग गया। पार्किंग कोरबा की एक बड़ी समस्या रही है। इसलिए सिटी सेंटर मॉल में 100 से अधिक कार और 200 दुपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। मनोरंजन के लिए सिनेमूड मल्टीप्लेक्स के साथ ही सिटी स्पाइस, फूड कोर्ट, हॉरर हाऊस, गेम जोन, रेस्टोरेंट, पब, डिस्को आदि मौजूद होंगे। खरीदारी के लिए भी मॉल में बढिय़ा माहौल होगा। कई बड़े ब्रांड के शोरूम मॉल में खुलेंगे। सिटी सेंटर का नक्शा राजधानी रायपुर के वास्तुविद डीएस सिसोदिया ने तैयार किया है। जहां कोरबा के साथ कई दुकानें बिलासपुर व रायपुर के व्यवसायी संचालित करेंगे।