
Chhattisgarh Winter News: कोरबा जिले में सर्दी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। बीते कुछ दिनों से रात और सुबह के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शहर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। वहीं, दिन के समय सूर्य की किरणों का असर भी कम महसूस हो रहा है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है और यह 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सर्दी ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन भी अब छोटे होने लगे हैं। सुबह छह बजे तक अंधेरा पसरा रहता है। इसकी वजह से सुबह के समय ठंड अधिक महसूस हो रही है। नदी, तालाब और पहाड़ियों के आसपास सुबह कोहरा छाने से मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह सूर्य की किरणों के साथ मिलने वाली गुनगुनी धूप लोगों को राहत दे रही है। वहीं, शाम चार बजे के बाद हल्की ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ जाती है। सर्दी का सबसे अधिक असर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। ठंड से बचने के लिए अब लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं।
शहर के चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और घरों के बाहर लोग लकड़ियां और कोयले की सिगड़ी जलाकर आग तापते नजर आ रहे हैं। खासकर तड़के और देर रात अलाव के आसपास लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे और काम पर जाने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं।
सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी सामान्य दिनों की तुलना में कम हो गई है। शाम ढलते ही बाजारों में चहल-पहल कम होने लगती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट जारी रह सकती है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग उठने लगी है, ताकि असहाय लोगों और राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके।
शहर से जुड़े बायपास मार्ग के साथ ही नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड और ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य स्थानों पर रात के समय काम करने वाले वाहन चालकों, यात्रियों और असहाय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोग किसी तरह लकड़ियों का इंतजाम कर अलाव जला रहे हैं और ठिठुरती ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक अलाव जलाने की कोई पहल नहीं की गई है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसके चलते कोरबा जिले के निजी और सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार, ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे ज्यादातर मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और मौसमी बीमारियों से परेशान हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सेहत का विशेष ध्यान रखने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी जा रही है।