
कोरबा . केन्द्र में भाजपा सरकार के चार साल पूरा होने पर सांसद बंशीलाल महतो ने उपलब्धि गिनाई है। कहा कि सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। विकास को लेकर आगे बढ़ रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर दे रही है।
केन्द्र सरकार के चार साल पूरा होने पर सांसद डॉ. बंशीलाल महतो, संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन और जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी रविवार को मीडिया के सामने आए। सांसद डॉ. महतो ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
नोटंबदी को एतिहासिक फैसला बताया। कहा कि इससे काला धन पर अंकुश लगी। आयुष्मान भारत को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा बताया। इससे 50 करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए तक का हेल्थ कवर मिलने की बाते कही। बताया कि चार साल में केन्द्र सरकार ने विकास के कई आयाम लिखें है। इसमें 100 शहरों को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित करना प्रमुख है।
उन्होंने दावा किया कि सरकार ने भष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। नारी सुरक्षा पर भी ध्यान दिया है।
डॉ. महतो ने चार साल में कोरबा संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को भी बताया। कहा उनके व्यक्ति प्रयास से उरगा- हाटी मार्ग को भारत माला प्रोजेक्ट से जुड़ा गया है। सड़क बनने के बाद उरगा धनबाद से जुड़ जाएगा। उरगा से सीपत की सड़क भी चौड़ी होगी।
कोरबा में माइनिंग कॉलेज के लिए कोशिश की जा रही है। 49 करोड़ रुपए की लागत से कोरबा में कर्मचारी राज्य बीमा के लिए अस्पताल बन रहा है। उन्होंने पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. चरणदास महंत पर भी निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार ने कर्मचारी बीमा अस्पताल के लिए फंड नहीं दिया।
इसके बाद भी अस्पताल की नींव रख दी गई। लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया। इंटर सिटी बंद होने के लिए महंत और पूर्व केन्द्र सरकार को दोषी बताया।
कहा कि केन्द्रीय कैबिनेट के फैसले पर इंटर सिटी एक्सप्रेस को एक माह के लिए चालू किया गया था। ट्रेन चुनाव में लाभ लेने के मकसद से चलाई गई थी। सरकार की नीयत साफ होती तो एक माह की बजाए इसे नियमित चलाने की घोषणा बजट में होनी थी। उन्होंने कहा कि चार साल के कार्यकाल में बंद ट्रेन को दोबारा चालू कराने के लिए पूरा प्रयास किया। लेकिन सफल नहीं हुआ। खाद कारखाना का मामला भी विचाराधीन है। इसके लिए आगे भी कोशिश करने की बात कही।
19 गांव के लिए नई पेयजल योजना
डॉ. महतो ने बताया कि प्रदेश सरकार ने मड़वारानी और इसके आसपास स्थित 19 गांवों में पेयजल के लिए नई योजना बनाई है। इसके तहत 28 करोड़ रुपए की लागत से हसदेव नदी पर एक एनीकट बनाने का निर्णय लिया है। इससे पेयजल के साथ भू- जल की स्थिति सुधारने में मदद मिलेगी।
बंद भर्ती को चालू किया
मीडिया से चर्चा करते हुए संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन काल में भर्ती पर रोक लगा दी थी। इससे डॉ. रमन सिंह की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने चालू किया।