
कोरबा . उत्पाती हाथियों के झुंड ने एक दंपति को कुचल दिया। इसमें पति की मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से घायल है। उसे पोड़ी-उपरोड़ा के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना वनमंडल कटघोरा अंतर्गत वन परिक्षेत्र केंदई के गांव मड़ई की है। मड़ई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बोधन सिंह 45 कच्चा मकान बनाकर रहता है।
शनिवार रात बोधन सिंह और उसकी पत्नी पिपरिया बाई 45 घर के बाहर नीन्द से सोए हुए थे। इसबीच उत्पाती हाथियों का एक झुंड पहुंच गया। मकान को ढहाने लगा। आवाज सुनकर दंपति की नींद खुली। झुंड को देखकर बोधन और उसकी पत्नी डरकर भागे।
दोनों ने जान बचाकर भागने कि कोशिश की। इसबीच एक हाथी ने बोधन को पकड़ लिया। उसे पटक पटककर मारा। हाथी ने पिपरिया बाई को भी सूंड से उठाकर दूर फेंक दिया। बाहर हो रही आवाज को सुनकर घर के भीतर से बोधन के घर वाले बाहर निकले। तब तक हाथियों का झुंड आगे निकल गया था। घटना शनिवार रात लगभग डेढ़ बजे की बताई जा रही है। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों को दी। घायल महिला पिपरिया बाई को पोड़ी उपरोड़ा के सरकारी अस्पातल में भर्ती किया गया। मेडिकल जांच में महिला के कमर की हड्डी टूटने की बात कही जा रही है। महिला को पोड़ी उपरोड़ा से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
वन विभाग ने पहले ही किया था आगाह
इधर, वन विभाग का कहना है कि बोधन ने वन विभाग की जमीन पर कब्जाकर मकान बनाया था। इसे हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। जिस स्थान पर घटना हुई है,
उस मार्ग से हाथियों का आना जाना लगा रहा है। जिस झुंड ने घटना को अंजाम दिया है। उसमें लगभग 12 हाथी हंै। केंदई रेंज में 43 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। विभाग के स्थानीय अधिकारी झुंड पर नजर रखे हुए हैं। विभाग ने लोगों को जंगल जाने से बचने की नसीहत दी है। कटघोरा वन मंडल में इस साल हाथियों के हमले में मौत की यह पहली घटना है।