Crime News: कोरबा जिले में आधी रात बालकोनगर से सटे एक गांव के मकान में पिस्टल से फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पिस्टल से एक ही राउंड गोली चला सका, दूसरी गोली पिस्टल में ही फंस गई।
Crime News: कोरबा जिले में आधी रात बालकोनगर से सटे एक गांव के मकान में पिस्टल से फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पिस्टल से एक ही राउंड गोली चला सका, दूसरी गोली पिस्टल में ही फंस गई। फायरिंग के बाद युवक फरार हो गया।
बालकोनगर थाना अंतर्गत एक गांव में एक परिवार रहता है। यहां रहने वाली एक युवती से बालकोनगर के नेहरू नगर इलाके में रहने वाला साहिल मसीह (24 वर्ष) एकतरफा प्रेम करता था। युवक लड़की की घर के आसपास चक्कर लगा रहा था। युवक की यह हरकत परिवार को पसंद नहीं आया। युवती के पिता ने तीन-चार दिन पहले साहिल को रोका और सख्त लहजे में चेताया। कहा कि वह इधर आना-जाना बंद कर दे। युवती के पिता की यह बात युवक को पसंद नहीं आई। वह घर लौट गया। बुधवार की रात लगभग 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंचा। उस समय परिवार के लोग नींद से सो रहे थे। युवक ने घर से लगे दुकान के शटर को खटखटाया।
आवाज सुनकर लड़की बाहर निकली। दोनों के बीच तू-तू-मैं-मैं हो रही थी। इसी बीच युवती के पिता की भी नींद खुली। उन्होंने बाहर आकर देखा तो युवक उसकी बेटी को धमका रहा था। पिता ने युवक को रोकने का प्रयास किया तो साहिल ने अपने पास रखे पिस्टल को बाहर निकाल लिया। यह देखकर युवती और उसके पिता डर गए। उन्होंने जल्दी से शटर को गिरा दिया। इस बीच युवक ने शटर पर गोली चला दिया। परिवार की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
आधी रात पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक युवक फरार हो गया था। पुलिस ने युवती और उसके पिता से जानकारी ली। युवक की खोजबीन शुरू की। गुरुवार सुबह युवक पकड़ा गया। पुलिस ने युवक पर गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने और युवती के परिवार को डराने-धमकाने की नियत से गोली चलाने का केस दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। शुक्रवार को साहिल को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
साहिल को पिस्टल किसने दिया, इसकी जानकारी पुलिस को मिल गई है। पुलिस साहिल को पिस्टल देने वाले की तलाश कर रही है। लेकिन वह अभी पकड़ में नहीं आया है। बताया जाता है कि साहिल के एक दोस्त ने ही उसे यह पिस्टल उपलब्ध कराया था। लेकिन इसे कहां से बालकोनगर लाया गया था, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
बताया जाता है कि साहिल मसीह आदतन बदमाश है और इस पर बालकोनगर थाने में पहले भी एक से अधिक केस दर्ज है। पुलिस साहिल के पुराने रिकार्ड को भी खंगाल रही है ताकि उस पर आने वाले दिनों में और कठोर धाराओं के तहत कानूनी कार्यवाही की जा सके।
इधर, पुलिस ने लड़की और उसके पिता का बयान दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर दोनों ने सिलसिलेवार बयान दिया है। इसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। दोनों के बयान के आधार पर ही पुलिस ने आरोपी साहिल के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।
पिस्टल से निकली गोली की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह टीन के शटर को छेदते हुए दुकान के भीतर घुस गई। लेकिन इसका सुखद पहलू यह रहा कि गोली युवती व उसके पिता में से किसी को नहीं लगी। इससे परिवार ने राहत की सांस ली है। साहिल की हरकतों को लेकर परिवार की ओर से आवेदन बालकोनगर थाने में दिया गया है। इसमें आरोपी के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है। कहा गया है कि गोली से जान जा सकती थी।