- पुलिस ने आरोपी प्रौढ़ को गिरफ्तार कर किशोरी को अपने साथ लेकर कोरबा लौटी
कोरबा . पत्नी की मौत के बाद प्रौढ़ ने पहले तो किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसाया। फिर उसके साथ शादी रचाकर अपने साथ गृहग्राम ले गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस किशोरी की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी प्रौढ़ को गिरफ्तार कर किशोरी को अपने साथ कोरबा लेकर लौटी।
जांजगीर-चांपा जिला अंतर्गत ग्राम कर्रापाली निवासी पुटी यादव उर्फ सत्यनारायण यादव 40 वर्ष की पहली पत्नी आरती यादव की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। उसके माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। सत्यनारायण यादव टीपी नगर क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से आकर रहने लगा था, जहां उसने वाहन चलाने की ट्रेनिंग ली और फिर वाहन चालक का काम करने लगा।
इसी दौरान दो माह पूर्व उसने टीपी नगर में रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। गत एक अप्रैल को वह किशोरी को अपने साथ भगा ले गया। किशोरी के पिता की सूचना पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने धारा 363 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी खोजबीन शुरू की।
पुलिस को जानकारी मिली कि सत्यनारायण यादव किशोरी के साथ विवाह रचाकर नैला में छुपा हुआ है। इस सूचना पर चौकी पुलिस की एक टीम को नैला रवाना किया गया। जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके चंगुल से छुड़ाया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध मेडिकल जांच उपरांत अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल भेज दिया गया है।
जमीन विवाद को लेकर मारपीट
वहीं मोतीसागर पारा में पैतृक जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक महिला घायल हो गई है। जिसकी रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सिटी कोतवाली अंतर्गत मोतीसागरपारा में तमिलनाडू से आए दो परिवार निवासरत है। यहां निवासरत दरमा बरई 40 वर्ष के परिवार का विवाद कार्तिक बरई के साथ चला आ रहा था। बताया जाता है कि गांव में इनकी पुस्तैनी जमीन है। इस जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चला आ रहा है। दो पक्षों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर कार्तिक बरई ने दरमा बरई व उसके बच्चों की पिटाई कर दी।