कोरबा

Elephant Terror: गुस्से में आकर गजराज ने मचाई तबाही, जंगल से निकलकर घर को तोड़ा…सहम गए लोग

Korba News: एक दंतैल हाथी जंगल से निकलकर गांव परला में घुस गया। उसने गांव में रहने वाले सुनील एक्का के मकान को नुकसान पहुंचाया। सिर और सूंड से मारकर मकान के सामने की परछी को गिरा दिया।
2 min read
Apr 07, 2024
elephent_terror_in_cg.jpg

Elephant Terror In CG: कोरबा में लगातार तीसरे दिन एक दंतैल हाथी गांव परला में पहुंचा। एक ग्रामीण के मकान की परछी को गिरा दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। हाथी के आने से उनकी सांसें थम गई थी।

घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। एक दंतैल हाथी जंगल से निकलकर गांव परला में घुस गया। उसने गांव में रहने वाले सुनील एक्का के मकान को नुकसान पहुंचाया। सिर और सूंड से मारकर मकान के सामने की परछी को गिरा दिया। दंतैल हाथी द्वारा मकान तोड़ने का वीडियो थर्मल ड्रोन में भी कैद हुआ है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे जंगल की ओर खदेड़ा। इधर गांव में हाथी के लगातार तीसरे दिन आने से लोग दहशत में हैं। जान-माल की सुरक्षा के लिए रतजगा कर रहे हैं। इस कार्य में वन विभाग ग्रामीणों का सहयोग कर रहा है।

केंदई और एतमानगर रेंज में लगभग 42 हाथी अलग-अलग झुंड में विचरण कर रहे हैं। आजकल ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ का सीजन चल रहा है। इसे बीन कर ग्रामीण अपने घरों में लाकर सुखाते हैं। महुआ की खुशबू से हाथी जंगल से निकलकर रिहायशी इलाकों की तरफ आ जाते हैं।

जंगल में शरारती तत्वों ने लगाई आग, इससे हाथी भी डरे

इधर वन विभाग का कहना है कि पिछले कुछ दिन से कुछ शरारती तत्वों द्वारा जंगल में सूखे हुए पत्तों को जलाया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में इन पत्तों को जलाया जा रहा है उसके आसपास में हाथियों का झुंड ठहरा हुआ है। धुआं और आग को देखकर हाथी विचलित हो रहे हैं और अपना रास्ता बदल रहे हैं। इससे हाथी गांव के करीब या भीतर पहुंच जा रहे हैं। वन विभाग ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए ग्रामीणों से भी मदद मांग रहा है।

Published on:
07 Apr 2024 02:34 pm