कोरबा

Korba Crime News: 108 एंबुलेंस के मैनेजर को बंधक बनाकर पीटा, सिर में लगे पांच टांके… वजह जानकर उड़ जाएंगे होश

Crime News: कोरबा में 108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक का अपहरण कर बंधक बनाया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित प्रिंस पांडे कोलकाता का रहने वाला है।

2 min read
Feb 13, 2025
Korba Crime News: 108 एंबुलेंस के मैनेजर को बंधक बनाकर पीटा, सिर में लगे पांच टांके... वजह जानकर उड़ जाएंगे होश

Korba Crime News: कोरबा में डॉयल 108 संचालित करने वाली कंपनी के जिला प्रबंधक को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में प्रबंधक का सिर फट गया है, उसे पांच टांके लगे हैं। हाथ-पैर में भी चोटें हैं। घायल प्रबंधक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसने घटना की जानकारी सिविल लाइन थाना को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि मूलत: पश्चिम बंगाल कोलकाता का रहने वाला प्रिंस पांडे कोरबा में डॉयल 108 को चलाने वाली कंपनी में बतौर जिला प्रबंधक कार्य करता है। मंगलवार को मोतीलाल यादव नाम के एक व्यक्ति ने प्रिंस को अगवा कर लिया। उसके साथ एक महिला भी थी। प्रिंस का आरोप है कि उसे अगवा करने वाले ने दो-तीन गांवों में घुमाया और मारपीट किया। दादर के समीप एक कमरे में भी बंद कर उसे पीटा गया।

प्रिंस ने कहा कि उसे इतना पीटा गया कि वह बेहोश हो गया काफी देर बाद उसे होश आया। तब उसने घटना की जानकारी ओड़िसा में रहने वाले अपने दोस्त को दिया और मोबाइल फोन से लोकेशन भेजा। जहां से प्रिंस को पुलिस छुड़ाकर ले आई।

बताया जाता है कि मोतीलाल पहले डॉयल 108 एंबुलेंस को चलाता था लेकिन उसे प्रबंधन ने काम से हटा दिया है। इसके पीछे की वजह शराब को बताया गया है। शराब पीने के कारण उसे कंपनी ने कार्य से पृथक कर दिया था। इससे मोतीलाल नाराज था। उसने एक महिला के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि महिला भी डॉयल 108 में बतौर सहायक कार्य करती है। घटना में घायल प्रिंस ने सिविल लाइन थाने में मामले की जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

निलंबित करने से नाराज थे दोनों

बताया जा रहा है कि प्रिंस ने आदतन शराबी चालक मोतीलाल यादव को निलंबित कर दिया था जिसके कारण वह नाराज था, इस कार्रवाई से किरण चौहान भी रुष्ट थी। जिसके बाद दोनों ने मिलकर ये वारदात की।

Published on:
13 Feb 2025 02:23 pm