घंटाघर चौक पर किया प्रदर्शन, 35 से अधिक विभागों में दिनभर रहा सन्नाटा
कोरबा. अधिकारी-कर्मचारी बुधवार को सामूहिक अवकाश पर रहकर घंटाघर चौक पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरकारी दफ्तरों में दिनभर कामकाज ठप्प रहा। जरूरी काम के लिए कार्यालयों में आने वाले लोग भटकते रहे। 35 से अधिक विभागोंं में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
6 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को जिले के दो हजार अधिकारी, कर्मचारी हड़ताल पर रहे। अब अधिकारी, कर्मचारियों के फेडरेशन के बैनर तले पूरे प्रदेश के द्वितीय वर्ग से लेकर चतुर्थ वर्ग के नियमित कर्मचारी राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला दिया गया है ।
इसके तहत जिले में भी हजारों अधिकारी, कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेते हुए बुधवार को हड़ताल किया। जिससे संबंधित विभागों में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। घंटाघर चौक पर बारिश के बीच पंडाल में अधिकारी, कर्मचारी हड़ताल पर डटे रहे।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व विधानसभा चुनाव में किए गए वायदे को याद दिलाने वादा निभाओ आंदोलन के तहत पूरे प्रदेश के अधिकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर जाते हुए आंदोलन कर रहे है। हड़ताल को 26 कर्मचारी संघ का समर्थन प्राप्त है।
जिसमें शिक्षक संघ, लिपिक वर्गीय संघ, राजपत्रित अधिकारी, कर्मचारी संघ, वन कर्मचारी संघ, डिप्लोमा कर्मचारी संघ सहित शासन से मान्यता प्राप्त अन्य कर्मचारी संघ शामिल हैं। संघ के पदाधिकारियों ने सरकार को चेताते हुए कहा कि अगर उनकी मांग शीघ्र पूरा नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन का रूख करेंगे।
कलेक्ट्रोरेट में सन्नाटा, तहसीलों में वकील व पक्षकार हुए परेशान
आम दिनों में चहल पहल रहने वाले कलेक्ट्रोरेट परिसर में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, निर्वाचन शाखा, आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत समेत सभी प्रमुख विभागों में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। दफ्तर समय पर खुल गए थे। लेकिन ना तो कोई कर्मचारी दफ्तर पहुंचे ना ही अधिकारी। सिर्फ वन क्लास अफसर ही कार्यालयों में दिखे। इसी तरह तहसील कार्यालयों में भी वकील व पक्षकारों की चहल-पहल रही।
-ये है प्रमुख मांगे
0 चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार समस्त अधिकारी कर्मचारी को पूर्ण सेवाकाल में चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान का लाभ दिया जाए।
0 प्राथमिकता के आधार पर राज्य के लिपिक संवर्ग की वेतन विसंगति दूर की जाए।
0 शिक्षक संवर्ग, स्वास्थ्य संवर्ग सहित तकनीकी एवं कार्यपालिक कर्मचारी संवर्ग सहित राज्य के समस्त संवर्ग की वेतन विसंगति दूर किया जाए।
0 सातवें वेतनमान का एरियर्स प्रदान करते हुए गृहभाड़ा भत्ता सहित समस्त भत्तों को 1 जनवरी 2016 से पुनरीक्षित किया जाए।
0 सातवें वेतनमान का लाभ प्रदेश के निगम मंगल के समस्त कर्मचारियों एवं पेंशनरों को प्रदान किया जावें।
0 केन्द्रीय कर्मचारियों के समान राज्य के समस्त कर्मचारियों, पेंशनर्स को 1 जनवरी 2016 से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाए।