
तीन मवेशी बाल-बाल बचे
कोरबा. दंतैल हाथी रात होते ही करतला बस स्टैंड की सड़कों पर उत्पात मचाने निकल रहा है। पिछले चार दिन से दंतैल ने दो जगह बाउंड्रीवाल को तोड़ते हुए बाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया है।
मंगलवार की रात को दंतैल एसबीआई बैंक के सामने से गुजरा जिसकी फुटेज एटीएम के सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसमें स्पष्ट तौर पर दिख रहा है कि भारी भरकम हाथी को देख मवेशी किस तरह भागने लगे।अब तक करतला बस्ती के समीप आधी रात हाथियों के झुंड के विचरण किए जाने से ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर थे।
हाथियों के डर से लोग घरों में ही दुबके हुए है। लेकिन अब तो दंतैल करतला के ब्लॉक मुख्यालय के वन विभाग के दफ्तर से लेकर कई जगहों को निशाना बनाने लगा है।
दो दिन पहले दंतैल वन विभाग के परिसर में जा पहुंचा था। जहां कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई थी। इसके बाद दंतैल के जंगल की ओर चले जाने की वजह से वन विभाग ने राहत की सांस ली थी। लेकिन मंगलवार को फिर से दंतैल बस स्टैंड तिराहे पर स्थित एसबीआई बैंक की शाखा तक पहुंच गया।
बैंक प्रबंधन ने सुरक्षा के लिहाज से एटीएम में सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए है। इसी कैमरे में हाथी की तस्वीरें कैद हुई है। जिसने वन विभाग के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया है। राहत की बात यह है कि हाथियों ने बस्ती से दूसरी ओर रूख कर लिया है,
लेकिन हाथियों की धमक से क्षेत्र थर्राया हुआ है। लगातार क्षेत्र में हाथियों के विचरण किए जाने से लोग डरे हुए है। करतला रेंज में चौर लोगों को मौत के घाट उतारते हुए शासकीय अस्पताल की बाउंड्रीवाल को भी तोड़ चुका है।
दर्जनों किसानों की सब्जी व फसल को भी हाथी चट कर चुके हैं। जिसके कारण क्षेत्र में हाथियों का खतरा बढ़ गया है।
समूह में नहीं कर रहे शामिल
वन विभाग के मुताबिक हाथियों में एक प्रवृत्ति होती है जिसमें अगर कोई हाथी किसी की जान ले ले तो उसे झूंड से अलग कर दिया जाता है। यही वजह है 56 हाथियों के झूंड में इस दंतैल हाथी को शामिल नहीं किया जा रहा है। लगातार चार लोगों को मौत के घाट उतारने की वजह से झूंड इस दंतैल से दूरी बना चुके हैं। दंतैल अलग-थलग होने की वजह से गांव से लेकर ब्लॉक मुख्यालय तक उत्पात मचा रहा है।
Published on:
27 Jun 2018, 7:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.