
इससे मानिकपुर के लोगों में नाराजगी
कोरबा. मानिकपुर वार्ड में प्रस्तावित सब हेल्थ के भवन को कृष्णा नगर में बनाने का मामला उजागर हुआ है। इससे मानिकपुर के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मानिकपुर में एक सब हेल्थ सेंटर की मांग प्रशासन से की है।
मानिकपुर का सब हेल्थ सेंटर कृष्णा नगर में कैसे बना? इ
स पर कोई अधिकारी कुछ बोलने का तैयार नहीं है। लेकिन उनका कहना है कि मानिकपुर वार्ड में जगह नहीं मिलने से हेल्थ सेंटर भवन को कृष्णा नगर में खोला गया। वहीं वार्ड के लोगों को इसमें राजनीति नजर आ रही है। उनका कहना है कि कृष्णा नगर के पार्षद ने हेल्थ सेंटर को अपने वार्ड में खोलवा दिया। उस समय वार्ड के पार्षद की निगम में सत्ता थी।
मानिकपुर वार्ड की आबादी लगभग 15 हजार है। इस वार्ड मेंं छह हजार मतदाता रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी आबादी वाले वार्ड में एक सब हेल्थ सेंटर की जरूरत है। जरूरत पडऩे पर लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोरबा या जिला अस्पताल जाना पड़ता है। वार्ड में हेल्थ सेंटर खुलने पर स्थानीय लोगों को प्राथमिक इलाज मिल सकेगा।
कृष्णा नगर में बनाए गए सब हेल्थ सेंटर की दूरी मानिकपुर से लगभग ढाई किलोमीटर है। वार्ड वासियों को परेशानी इस बात को लेकर है कि उनके हक का सब हेल्थ सेंटर कृष्णा नगर में कैसे खोला गया है और खोला गया तो उनसे राय क्यों नहीं ली गई।
पार्षद ने जनदर्शन में की मांग
वार्ड में सब हेल्थ सेंटर के लिए भवन की मांग को लेकर स्थानीय पार्षद सीताराम चौहान ने कलेक्टर जनदर्शन में अर्जी लगाई है। इसमें मानिकपुर वार्ड में एक सब हेल्थ सेंटर की मांग की गई है। पार्षद चौहान ने बताया कि हेल्थ सेंटर की मांग कई बार की गई है। पूर्व के कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वर्तमान कलेक्टर कैसर अब्दुल हक को भी सेंटर की जरूरत से अवगत कराया गया है।
उन्होंने मांग पर गंभीरता दिखाई है। खनिज न्यास मद से मानिकपुर वार्ड में सब हेल्थ सेंटर के लिए भवन बनाने की बात कही है। वित्तीय वर्ष 2018-19 की कार्य योजना में मांग को शामिल किया है। शासी परिषद की बैठक में मांग पत्र के परीक्षण कराने की बात कही है।
-मानिकपुर के सब हेल्थ सेंटर कृष्णानगर वार्ड में खोला गया है। इसकी सूचना मिली है। वार्ड में नया हेल्थ सेंटर बनाने के लिए कलेक्टर से मांग की गई है।
-सीताराम चौहान, पार्षद, मानिकपुर
Published on:
27 Jun 2018, 2:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.