
प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर युवाओं ने खुद हटाया गिरा हुआ होर्डिंग और जलकर खाक हुई कार
कोरबा. हाल ही में दर्री डेम के समीप कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग पर एक ओमनी कार जलकर खाक हो गई थी। एक लोहे का बड़ा होर्डिंग भी मुख्य मार्ग पर पड़ा हुआ था। कार का जल चुका ढांचा और मार्ग पर पसरा होर्डिंग दोनों ही राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। इसे यहां से हटाने जब प्रशासनिक तंत्र ने उदासीनता बरती तब स्थानीय युवा एकजुट हुए और स्वयं ही संसाधन जुटाकर रास्ते से अवरोधक बने उक्त होर्डिंग और कार के ढांचे को हटवाया।
स्थानीय युवकों द्वारा दर्री मुख्य मार्ग को बाधित कर रहे सामग्री व कबाड़ को मुख्य मार्ग से हटाकर यातायात सुचारु रुप से आरंभ कराया गया। न तो प्रशासन और न ही नगर निगम के अधिकारी इसे हटाने गंभीर दिखे। इससे दर्री के युवकों ने स्वयं के खर्चे पर क्रेन व हाईड्रा से होर्डिंग्स व आग से जल कर कबाड़ मे तब्दील हो चुके चार पहिया वाहन को हटवाया।
करीब एक माह पूर्व आंधी तूफान में एक बड़े होर्डिंग का ढांचा दर्री बांध मुख्य मार्ग पर गिर गया था, इससे यातायात प्रभावित हो रही थी। 15 दिन पहले चार पहिया वाहन में आग लगने की वजह से इस वाहन को भी वहीं छोड़ दिया गया था। आग लगने से कबाड़ में तब्दील हो चुके वाहन का अवशेष लगातार सड़क दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा था। होर्डिंग और कार के अवशेष राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ था।
मुख्य सड़क को बाधित कर रहे कबाड़ को हटाने की कवायद करते हुये दर्री के युवाओं द्वारा समाजसेवी विशाल केलकर, अजय, रामेश्वर चन्द्रा, इब्राहिम आदि युवक मौजूद रहे। दर्री पुलिस की सहमति के पश्चात किए गए इस कार्य के से अब दर्री डेम का वह किनारा अवरोध मुक्त हो सका है। सीएसईबी ने भी के्रन मुहैया करवाई थी। विशाल द्वारा इस संबंध में सीएसपी पुलिस को आवेदन प्रेषित किया गया था। जिसके बाद अपने बलबूते सड़क से अवरोध को हटाने के लिए दर्री पुलिस एक आरक्षक की ड्यूटी भी मौके पर लगा दी थी।
Published on:
26 Jun 2018, 10:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.