निगम का अभियान लगातार जारी, पर्यावरण संरक्षण मंडल के कर्मी भी रहे शामिल
कोरबा. निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग के साथ डिस्पोजल को लेकर दर्री जोन के दुकानों में दबिश दी गई। जहां 96 किलो प्लास्टिक सामग्री जब्त किया गया। व्यापारियों पर 14 का जुर्माना ठोंका गया। इस कार्यवाई में पर्यावरण संरक्षण मंडल भी शामिल रहा।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा इन प्रतिबंधित सामग्रियों के उपयोग को रोकने की दिशा में समय-समय पर समुचित कार्यवाही सतत रूप से की जा रही है। इसी कड़ी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 96 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक निगम द्वारा जप्त किया गया है।
निगम के स्वास्थ्य अधिकारी वी के सारस्वत ने बताया कि निगम के दर्री जोनांतर्गत आने वाले जेलगांव व सरदार वल्लभभाई पटेलनगर में स्थित व्यवसायियों की दुकानों के निरीक्षण के दौरान उनके दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग एवं भंडारण करते पाया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुए निगम अमले ने उक्त सामग्रियों की जप्ती की। उन्होने बताया कि इसके साथ ही 14000 रूपये का अर्थदण्ड भी संबंधित व्यवसायियों पर किया जा कर उक्त राशि की वसूली की गई।
सार्वजनिक स्थान में कचरा फेंकने पर 400 रूपए का अर्थदंड
निगम के वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक डॉ संजय तिवारी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों व मार्गो में कचरा फेंकने पर निगम द्वारा अर्थदण्ड की कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को कोरबा सीतामणी क्षेत्र में निवासी व्यवसायी राकेश ताती व अमित अग्रवाल द्वारा सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंका गया था। जिस पर कार्यवाही करते हुए संबंधितों पर 400 रूपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया।